लखीमपुर खीरी। खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत से भाजपाई गदगद हैं। मोदी के सबका साथ सबका विकास को लेकर कार्यकर्ता प्रत्याशियों की जीत को लेकर इतने आश्वस्त थे कि मतगणना स्थल पहुंचने से पहले ही मिठाई बंटने का जो सिलसिला शुरू हुआ वो देर रात तक जारी रहा। कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारी तक मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मिली जीत को राष्ट्रवाद की जीत मान रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व में एक अलग पहचान मिली है और अगले पांच वर्षों में देश हर मामले में मजबूत होगा।
सामाजिक संस्था सुदिशा के अध्यक्ष संजीव त्रिवेदी का कहना है कि भाजपा को ऐतिहासिक मिली जीत पिछले पांच साल में मोदी की ओर से सबका साथ सबका विकास नारे को सार्थक करने का नतीजा है। मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है, जिसका नतीजा ये चुुनाव परिणाम हैं।
गोला पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल कहती हैं कि मोदी के नेतृत्व में देश हर मामले में मजबूत हुआ है। मोदी के नेतृत्व एवं सांसद अजय मिश्रा टेेनी द्वारा कराए विकास कार्यों से यह कामयाबी मिली है। वहीं सांसद ने भी कराए गए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत जनता का विश्वास जीता है।
समाजसेवी वरुण अग्रवाल का कहना है कि कि मोदी के सबका साथ सबका विकास से भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। मोदी की छवि राष्ट्रभक्त की तो अन्य दलों की छवि देश के टुकडे टुकड़े वाले गैंग की तरह है। वहीं सांसद ने भी शासन का रौब न दिखाकर क्षेत्र का विकास कराने को प्राथमिकता दी, जिसका यह नतीजा है।
पालिकाध्यक्ष लखीमपुर निरूपमा बाजपेई का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की वजह से ही विश्व में देश को अलग पहचान मिली है। आतंकवाद, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने के साथ सेना का मनोबल बढ़ा है। सांसद ने भी जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क के लिए तमाम कार्य कराएं हैं। जीत उसी का परिणाम है।