संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र के गोविंदनगर कॉलोनी से वापस आते समय स्टेट फार्म के पास बाइक सवार को साइड देने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य दो साथियों को मामूली चोटें आईं। घरवाले गंभीर घायल को अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बा की केन यूनियन के पास रहने वाले समाजसेवी प्रेम प्रकाश कुशवाहा के छोटे भाई 25 वर्षीय अमित उर्फ आलोक कुशवाहा की बाइक एजेंसी हैं। बुधवार को वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर वापस जा रहे थे। बाइक को साइड देने के चक्कर में घर के निकट स्टेट फार्म के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई, जिससे कार चला रहा अमित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उनके मझले भाई के साले और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में अमित ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना के बाद संपूर्णानगर का बाजार पूरी तरह से बंद रहा। साथ ही मृतक के घर के लोगों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।