खमरिया में पकड़ा गया 59 बोरी राशन-केरोसिन
खमरिया (लखीमपुर खीरी। धौरहरा तहसील के कस्बा खमरिया में छापा मारकर एसडीएम आशीष मिश्रा ने 59 बोरी पीडीएस का गेहूं और चावल बरामद किया है। साथ ही नौ ड्रम केरोसिन भी बरामद हुआ है। एसडीएम ने तेल, अनाज सीज कर महरिया के कोटेदार के सुपुर्द दिया। छापामार कार्रवाई से कोटेदारों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि जिनके यहां पीडीएस का राशन और केरोसिन पकड़ा गया, उन पर पहले भी कालाबाजारी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
धौरहरा तहसील क्षेत्र के कस्बा खमरिया में सूचना पर पहुंचे एसडीएम धौरहरा आशीष मिश्रा ने छापा मारकर पीडीएस का अनाज व मिट्टी का तेल बरामद किया। छापामार कार्रवाई में पंडित पुरवा निवासी शंभू दयाल तिवारी के मकान में 39 कट्टा चावल प्राइवेट बोरियों में 10 कट्टे गेहूं,10 कट्टी चावल सरकारी बोरियों में बरामद किया गया। साथ ही 33 सीलबंद सरकारी अनाज की बोरियां भी थीं। इन्हीं के दूसरे मकान से दो ड्रम भरी 50 लीटर खुला मिट्टी का तेल चार ड्रम खाली विभिन्न कोटेदारों के नाम की बरामद की गई। कुल नौ ड्रम केरोसिन बरामद हुआ। बरामद पीडीएस का तेल और अनाज मकान मालिक ने बताया रामजी गुप्ता निवासी खमरिया ने मंगलवार रात लगवाया है। दूसरी छापामार कार्रवाई में कस्बा खमरिया के ही मधुसूदन लाल शुक्ला के मकान में तीन ड्रम भरे व तीन प्लास्टिक की केन में करीब 50 लीटर मिट्टी का तेल बरामद किया गया। बरामद मिट्टी के तेल को मकान मालिक ने राम जी के भाई श्यामू का बताया। एसडीएम आशीष मिश्रा ने बताया बरामद केरोसिन आयल और पीडीएस के अनाज सीज कर लिया गया है। सीज अनाज व तेल को महरिया की कोटेदार शोभा देवी के सुपुर्द कर दिया गया है। मकान मालिकों के बयान के आधार पर रामजी गुप्ता व श्यामू गुप्ता के साथ बरामद माल को बेचने वाले कोटेदार की भी जांच कराई जाएगी। जांच के उपरांत कालाबाजारी करने वाले कोटेदार व खरीदारों के विरुद्ध डीएम की अनुमति के पश्चात आवश्यक वस्तु अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। छापामार कार्रवाई के दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर साधना श्रीवास्तव, कानूनगो रामेंद्र अवस्थी, लेखपाल पुलिस चौकी से उपनिरीक्षक कौशल किशोर दल बल के साथ मौजूद रहे।
खमरिया में खाद्यान्न और केरोसिन बरामद होने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। मामले में डीएम की अनुमति मिलते ही आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
- आशीष कुमार मिश्र, एसडीएम-धौरहरा