30एलकेएच 703
टांडा गांव में बाघ दिखा, दहशत
वन विभाग और पुलिस टीमें मौके पर पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
तिकुनिया। मोहाना नदी के किनारे बसी ग्राम पंचायत सूरतनगर के मजरा गांव टांडा में बाघ दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इसकी सूचना डायल 100 और वन विभाग के रेंजर बेलरायां को दी गई। मौके पर वन विभाग की टीम और डायल 100 पुलिस भी पहुंची। वन विभाग ने बाघ से बचाव के लिए ग्रामीणों को शांत और सतर्क रहने की हिदायत दी है।
मुहाना नदी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बसे गांव टांडा में दोपहर बाद करीब चार बजे ग्रामीणों ने गेहूं के खेत में बाघ को बैठे देखा। यह खबर गांव में फैलते ही ग्रामीण अपने घरों से निकलकर खेतों की ओर भागे। इसी बीच वन विभाग और पुलिस की टीमें भी पहुंची। उन्होंने सभी को शांत कराते हुए बाघ की लोकेशन पता करने का प्रयास किया।
इस बाबत उत्तर निघासन वन रेंज बेलराया के रेंजर एमएन सिंह ने बताया कि मोहाना नदी के पार दुधवा नेशनल पार्क और बहराइच का जंगल है। इसी जंगल से निकलकर बाघ आ गया होगा। बाघ को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग की टीम मौके पर है। लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एक तरफ वन विभाग बाघ को जंगल की ओर खदेड़ने का दावा करता आ रहा है लेकिन दो सप्ताह से बाघ तिकोनिया, बंजरिया हार में लोगों को दिख चुका है। बंजरिया में दो मार्च को खेत में बरसीम काट रहे किसान यादविंदर सिंह पर हमला बोलकर घायल कर दिया था तब से लोगों में डर का माहौल है।