लखीमपुर खीरी/पलियाकलां। मोहल्ला रंगरेजान तृतीय मोहल्लावासियों ने तहसील पहुंचकर राशन कार्ड को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने लोगों को किसी तरह से समझाकर शांत कराया।
रंगरेजान तृतीय निवासी पालिका सदस्य बुंदन अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी तहसील पहुंचे और एसडीएम का घेराव कर राशन कार्ड काटे में अपात्र होने पर विरोध जताया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार ने कार्ड धारकों को राशन दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। ज्ञापन में कहा गया है कि मोहल्ले के लगभग 50 कार्डधारकों के नाम अपात्र बताकर काट दिए गए हैं। जिससे उनको राशन नहीं मिल पा रहा है और इसका स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया है। एसडीएम से राशन कार्ड सत्यापन में अपात्र किए गए परिवारों को पुन: जांच कराकर पात्र में सम्मिलित कर राशन दिलाने की मांग की गई है। इस दौरान रमजान अली, राशिद खां, मोहम्मद सलीम, ओमप्रकाश, शाबिर खां, नवाब, वाजिद, रूबी, नसरीन, महशर जहां, हनीफ, शबाना, आयशा, हसरत सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे।