लखीमपुर खीरी। जम्मू कश्मीर के सपौल में हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रृद्धांजलि देने के लिए शहर के युवाओं ने बृहस्पतिवार की शाम कैंडिल मार्च निकाला। सभी ने केंद्र सरकार से आंतकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
शहीद सैनिकों को श्रृद्धांजलि देने के लिए शहर के कई युवा वृहस्पतिवार की देर शाम सदर चौराहे पर इकठ्ठा हुए। युवाओं ने आतंकवादियों के लिए आक्रोश व्याप्त किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। शाश्वत मिश्रा ने कहा कि आए दिन आतंकी हमलों से जवान शहीद हो रहे हैं इसलिए जवानों की सुरक्षा के लिए आतंकियों और अलगाववादी नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मोहम्मद सिकंदर हुसैन ने कहा कि मोहम्मद साहब ने कहा है कि जिस देश में रहो उसके वफादार बनके रहे। इस्लाम के नाम पर दहशतगर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं ने सुभाष पार्क तक कैंडिल मार्च निकालकर शहीद जवानों को श्रृद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप वर्मा, राशिद पठान, मोहम्मद हनीफ, सुरेंद्र सिंह, राजन तिवारी, शशांक तिवारी, मुश्ताक अली आदि लोग मौजूद रहे।