निघासन तहसील क्षेत्र के मंझरा पूरब गांव में 15 फीट के अजगर ने आवारा कुत्ते को निगल लिया। गन्ने के खेत में हलचल होने पर ग्रामीणों को पता चला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़कर दुधवा के जंगल में छोड़ा है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील क्षेत्र के मंझरा पूरब गांव में सोमवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब गन्ने के खेत में 15 फीट लंबे अजगर ने कुत्ते को निगल लिया। पेट भारी होने के कारण अजगर धीरे-धीरे रेंग रहा था। खेत में हलचल होने पर ग्रामीण पहुंचे तो विशालकाय अजगर को देख उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना मिलने के बाद रेंजर भूपेंद्र सिंह के निर्देश पर वन दरोगा रामनरेश और वनकर्मी राजेश कुमार, अमेरिका प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अजगर को पकड़कर दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया।
जंगल में छोड़े जाने के करीब 30 मिनट बाद अजगर ने कुत्ते को उगल दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि खेत में चारा लेने गए मनीष पुत्र रामधर गंगाराम पर भी अजगर ने हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच गया। विशालकाय अजगर देख ग्रामीण स्तब्ध हो गए थे। वन विभाग की मुस्तैदी से राहत की सांस ली।