धनगढ़ी-गौरीफंटा (खीरी)। भारत से नेपाल गई कार से नेपाली पुलिस ने 500 के 147 भारतीय नकली नोट बरामद कर पांच लोगाें को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो युवक बरेली तो एक उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले का रहने वाला है, जबकि दो नेपाल के ही रहने वाले हैं।
कंचनपुर जिला पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब आठ बजे शुक्लाफांटा नगर पालिका के वार्ड तीन झलारी गांव की पोस्ट के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। महेंद्रनगर-बनबसा की ओर जा रही भारतीय नंबर यूपी 14 बीएच 2073 नंबर की कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
कार में सवार लोगों के पास से 500-500 के 147 नकली भारतीय नोट मिले। उनके पास एक लाख 17 हजार 500 रुपये की नेपाली करेंसी भी थी। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शुक्लाफांटा वार्ड एक निवासी गोगात बहादुर सिंह और चंद्र बोहरा बताया। भारतीयों ने अपना नाम बरेली के कुलदीप चतुर्वेदी, फतेहगंज जिला बरेली के अमित यादव व उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी हिमांशु शर्मा बताया। उनको कार्यालय पर लाकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि ये नकली नोट वे कहां से लाए और कहां ले जा रहे थे।
नकली नोट नेपाल में चलाने की संभावना
पुलिस ने आशंका जताई कि उक्त लोगों ने कई नकली नोट नेपाल में कहीं चलाए हैं या फिर नोट बदले हैं, क्योंकि उनके पास से असली नेपाली नोट भी मिले हैं। उधर गौरीफंटा सीमा से उक्त कार के नेपाल जाने की हुई चर्चा के बाद रविवार को सुबह 10 बजे ही एसएसबी के कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी नेपाल बार्डर पर पहुंच गए और 39वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारियों व अधीनस्थों के पेेच कसे। साथ ही बार्डर पर लगे कैमरों की वीडियो रिकाॅर्डिंग भी देखी।