पलियाकलां। मोहल्ला पठान तृतीय निवासी एक किशोरी ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने के समय घर पर कोई नहीं मौजूद था। मोहल्लेवासियों को जब इसका पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मोहल्ला पठान तृतीय निवासी स्व. इमाम अली की 18 वर्षीय पुत्री बबली उर्फ बेटी ने अज्ञात कारणों से दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय घर पर कोई नहीं मौजूद था। बताया जाता है कि घटना के समय बबली की मां मुन्नी बड़ी पुत्री को दवा दिलाने के लिए नेपाल गईं थीं। जबकि उसके भाई भी नेपाल में ही रहकर कार्य करते हैं। मृतका की छोटी बहन शब्बो इंटरमीडिएट की परीक्षा देने स्कूल गई थी। सूचना के बाद आसपास भारी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। मृतका के भाइयों ने बताया कि उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं था, वह एक-दो बार मिट्टी का तेल भी अपने ऊपर छिड़क चुकी है किसी तरह से उसको बचाया गया। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद चौकी इंचार्ज अरविंद राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।