निघासन। गांव लुधौरी में अजगर और उसके तीन बच्चे दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। वनविभाग की टीम पहुंचने से पहले अजगर और उसके बच्चे घास फूस में छिप गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका।
क्षेत्र के गांव लुधौरी में राममूर्ति गौतम के घर के सामने घूरा है। घूरे के ऊपर गन्ने की सूखी पत्ती का ढेर लगा हुआ है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बच्चे घूरे के पास खेल रहे थे। इसी बीच एक अजगर और उसके तीन बच्चे पत्तियों से बाहर निकल आए और बच्चों की ओर बढ़ने लगे। सांप देखकर बच्चे डरकर शोर मचाते हुए भाग गए। बच्चों का शोर सुनकर पड़ोस के लोग आ गए। पुराना अजगर देखकर ग्रामीणों ने मामले की सूचना लुधौरी वन रेंज को दी। दरोगा शिवबाबू सरोज समेत पूरी टीम वहां पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले और ग्रामीणों की अधिक भीड़ होने के कारण अजगर दोबारा गन्ने की पत्ती में घुस गया। टीम ने ग्रामीणों से गन्ने की पत्ती हटाकर अजगर को पकड़ने की बात कही, लेकिन गन्ने की अधिक पत्ती और अजगर होने के कारण ग्रामीण हिम्मत नहीं जुटा सके।