आज से डाकिए भी करने लगेंगे बैंकिग का काम
क्रासर......
इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक का उद्घाटन आज, तैयारियां पूरी
31एलकेएच 14
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। डाक अधीक्षक सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि एक सितंबर को इंडिया पोस्ट पैमेंट बैंक के उद्घाटन के साथ ही पोस्टमैन के माध्यम से बैंकिंग सुविधा घर घर पहुंचना शुरू हो जाएगी। बैंकिंग सेवाओं की कार्य प्रणाली को जो लोग जटिल समझकर दूर रहते थे, इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक उन लोगों को भी सरल, सुरक्षित, डिजीटल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराएगा जिससे वह वित्तीय मुख्यधारा का हिस्सा बन सकें।
डाक अधीक्षक ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि डाकिए की पहुंच हर क्षेत्र की जनता तक पहुंच होती है। प्रत्येक डाकिए को हैंड हेल्ड डिवाइस दी गई है। जिसके माध्यम से ग्राहक मोबाइल, डीटीएच रिचार्ज, बिजली बिल आदि का भुगतान कर सकते हैं। मनरेगा मजदूरी, छात्रवृत्तियां, सामाजिक कल्याण योजनाओं और सब्सिडी भी हर ग्राहक तक पोस्टमैन के माध्यम से पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमैन के माध्यम से किया जा रहा प्रत्येक लेनदेन पूरी तरह सुरक्षित है।
डाक अधीक्षक ने बताया कि आईपीपीबी जीरो बैलेंस से बचत खाता और 1000 रुपये से चालू खाते की सुविधा प्रदान करेगा। कोई भी व्यक्ति डाकघर काउंटर पर अथवा पोस्टमैन के माध्यम से बिना किसी कागजी कार्रवाई के सिर्फ आधार नंबर और मोबाइल नंबर के माध्यम से खाता खोल सकता है और सभी बैंकिंग सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पैमेंट बैंक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सितंबर को 3.15 बजे करेंगे। स्थानीय स्तर पर प्रधान डाकघर में सांसद अजय मिश्र टैनी 4:30 बजे उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक योगेश वर्मा करेंगे। इस मौके पर मुख्य अतिथि सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खुले खातों के खातेदारों को पास बुक्स भी वितरित करेंगे।
गोला गोकर्णनाथ। मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर अमित कुमार ने बताया कि भारत सरकार संचार मंत्रालय, डाक विभाग द्वारा डाकघर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का उद्घाटन पहली सितंबर को दोपहर दो बजे होगा। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल की अध्यक्षता में होने वाले उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अरविंद गिरि होंगे।