अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार की सुबह मोहल्ला मिश्राना स्थित सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें एसपी रामलाल वर्मा टीचर की भूमिका में नजर आए। उन्होंने छात्राओं से कहा, सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने में सावधानी जरूरी है। भूल से भी निजी जानकारी इस पर शेयर न करें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी। पुलिस की मदद लेने के लिए 100 नंबर और 1090 पर शिकायत करने के बारे में बताया।
पाठशाला का शुभारंभ सीओ क्राइम प्रदीप सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष रश्मि बाजपेई, उपाध्यक्ष उमेश मिश्रा और प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। एसपी ने छात्राओं में आत्मविश्वास भरा। उन्होंने कहा कि आपको किसी ने रास्ते में पकड़ लिया, उस समय आपका आत्मविश्वास ही काम आएगा, क्योंकि यदि 100 नंबर अथवा 1090 पर फोन करने का आपको मौका मिल भी गया, तब भी पुलिस को पहुंचने में समय लगेगा, लेकिन आपने हिम्मत से काम लिया तो बदमाश की छक्के छूट जाएंगे। आत्मरक्षा के गुर यहां सिखाए गए। पुलिस टीम अनवरत स्कूलों में जाकर इस तरह के प्रशिक्षण दे रही है, जो जारी रहेगा। साथ ही एसपी ने बच्चों को अपना नंबर दिया और कहा कि वह कभी भी अपनी समस्या उन्हें बता सकते हैं। इस मौके पर महिला थाना निरीक्षक हंसमती, यातायात निरीक्षक सूर्यमणि यादव, साइबर सेल के शराफत ने भी कानून संबंधी जानकारी विद्यार्थियों को दी।
छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
जूड़ो कराटे प्रशिक्षक जितेंद्र बरनवाल ने छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स देते हुए कहा कि सबसे पहले तो अपने मन से डर निकाल दें। सामने वाला यदि आप पर कमेंट करें तो उससे बचके निकलने की बजाय उसे वहीं पर सबक सिखाने की ठान लें। पुलिस और घरवालों को सूचना दें। जूड़ो कराटे सीखने की प्रेरणा देते हुए महिला थाने की एंटी रोमियो टीम की सिपाही रीना, वर्षा, पूजा चंदेल, जावित्री आदि ने छात्राओं को आत्मसुरक्षा के टिप्स दिए, जिसमें यदि कोई हाथ पकड़ ले, तमंचा तान दे या गर्दन पर चाकू रख दे आदि स्थिति में बचाव करने के तरीके बताए।
एक्सपर्ट की जानकारी
बेटियां सबसे बढ़कर, पहल करें तो सूरत बदलेगी
सीओ क्राइम प्रदीप सिंह ने कहा कि बेटियां सबसे बढ़कर हैं। वह हेल्मेट लगाने में और अपने पिता व भाई को प्रेरित करने में या फिर मजनू किस्म के लोगों को नियंत्रित करने में पहल करें तो सूरत बदल जाएगी। बस, इसके लिए अपने अंदर आत्मविश्वास जगाना होगा। सीओ ने स्वच्छता के लिए जागरूक करते हुए कहा अक्सर लोग केला आदि के छिलके या फिर घर का कूड़ा पॉलिथीन में रखकर सड़कों पर फेंक देते हैं, जिससे दो पहिया वाहन अनियंत्रित हो सकते हैं। ऐसे में लोगों की जान भी जा सकती है।
ट्रैफिक नियमों का पालन करें
यातायात निरीक्षण सूर्यमणि यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटना में सबसे ज्यादा मौतें नियमों का पालन न करने के कारण होती हैं। उन्होंने नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही यातायात नियमों को बताया। उन्होंने लड़कियों से कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सकता, इसलिए वह बिना लाइसेंस स्कूटी कदापि न चलाएं। सड़क पर झुंड बनाकर न चलें। वह हेलमेट लगाएंगी तो अन्य लोग भी सीख लेंगे।
बिना जाने शेयर करना अपराध
साइबर सेल के शराफत अली ने सोशल मीडिया के बारे में जानकारी देते हुए साइबर क्राइम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। किसी भी अपरिचित को फ्रैंड न बनाएं। बिना जाने समझे किसी भी पोस्ट को शेयर करना अथवा लाइक कराना अपराध है। यदि सोशल मीडिया के जरिए आपको कोई परेशान कर रहा है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अमर उजाला फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय
सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई, उपाध्यक्ष उमेश मिश्र और अध्यक्ष रश्मि बाजपेई ने अमर उजाला फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की। तीनों लोगों ने कहा कि बच्चों को अपराध और अपराधियों से बचाव संबंधी जानकारी दिलाने वाले इस कार्यक्रम की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। इससे बच्चों को जहां कानूनी जानकारी मिली, वहीं उनमें समाज विरोधी तत्वों का सामना करने की हिम्मत भी जगी है। ऐसे कार्यक्रम निरंतर होने चाहिए।
पाठशाला से मिली अहम जानकारी
कक्षा दस बी की छात्रा कौशिकी तिवारी ने बताया कि पाठशाला से ट्रैफिक नियम, साइबर क्राइम आदि के बारे में बहुत कुछ जानकारी मिली। कानून का पालन करते हुए घरवालों को भी पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
साइबर क्राइम क्या होता है आज जाना
कक्षा दस बी की छात्रा रचिता मिश्रा का कहना था कि साइबर क्राइम क्या होता है इसकी जानकारी आज हुई। सोशल मीडिया से खुद को कैसे सुरक्षित रखना है इसके बारे में जानने को मिला।
हेलमेट लगाने के लिए करेंगे प्रेरित
कक्षा 11 डी की छात्रा श्रेया शुक्ला का कहना है कि पाठशाला में हेलमेट लगाकर हम पुलिस से नहीं बल्कि स्वयं को सुरक्षा कर रहें हैं, इसकी जानकारी मिली। घरवालों और रिश्तेदारों को भी हेलमेट पहनने के लिए कहेंगे।
.......
यातायात नियमों को करूंगी पालन
कक्षा नौ ए की छात्रा दर्शिका मिश्रा ने बताया कि सड़कों पर लगे यातायात चिंहों का मतलब क्या होता है आज पाठशाला में जाना। टीएसआई साहब ने बहुत अच्छी जानकारी दी। नियमों का पालन कर स्वयं को सुरक्षित हो सकते हैं।
हेलमेट, डीएल की उपयोगिता जानने का मिला मौका
कक्षा नौ बी छात्रा श्रुति मिश्रा ने कहा कि पाठशाला में हेलमेट और डीएल की उपयोगिता जानने का मौका मिला। अक्सर लोग इन्हें महत्व नहीं देेते हैं, लेकिन अपने घरवालों और रिश्तेदारों को इनकी उपयोगिता बताएंगे।
शिक्षक के रूप में दिखी पुलिस , लगा अच्छा
कक्षा 11 ई की छात्रा आस्था पटेल ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को शिक्षक के रूप में सामने देखकर बहुत अच्छा लगा। उनसे काफी कुछ जानने और सीखने का मिला। बताए गए नियमों को स्वयं अपनाकर जानने वालों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
इन नंबरों की लें मदद
पुलिस अधीक्षक- 9454400284
महिला थाना निरीक्षकर एवं एंटी रोमिया टीम प्रभारी - 9454404769
महिला हेल्पलाइन नंबर-1090
पुलिस हेल्पलाइन नंबर-100