युवराजदत्त महाविद्यालय स्थित पीएनबी शाखा में बुधवार की सुबह अचानक सायरन बजने लगा। इससे मॉर्निंग वॉक को निकले लोग सक्ते में आ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की पड़ताल के लिए शाखा प्रबंधक को भी बुलाया गया। पुलिस की माने तो वायरिंग में गड़बड़ी की वजह से सायरन बजा था।
वीआईपी क्षेत्र माने जाने वाले राजगढ़ मोहल्ले में वाईडी डिग्री कॉलेज कैंपस में पीएनबी बैंक की शाखा है। सुबह सैर करने निकले लोगों ने बैंक से सायरन की आवाज सुनी तो हड़कंप मच गया। मोहल्ला राजगढ़ निवासी व्यापारी व समाजसेवी जसबीर मौर्य ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। कुछ ही पल में यूपी 100 पुलिस और संकटा देवी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सायरन बजता देख बैंक शाखा प्रबंधक को बुलाया और जांच पड़ताल की। कुछ लोगों की माने तो सायरन की आवाज देर रात से ही सुनाई पड़ रही थी। पुलिस को इसकी भनक तक न लगी जबकि इसी से चंद कदम दूर कांग्रेस के पूर्व सांसद, सपा के पूर्व सदर विधायक और मौजूदा सदर विधायक योगेश वर्मा का भी आवास है।