सड़क हादसे के बाद मुख्य सेवादार लापता
घटना स्थल पर जुटे सिख समुदाय के लोग
पिकअप कब्जे में लेने को लेकर हुई नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
जंगबहादुरगंज। जहानीखेड़ा-बरबर मार्ग पर मंगलवार को सैय्यदबाड़ा पुल के पास गुरुद्वारा की पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार लापता हो गए। इससे सिख समुदाय में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में समुदाय के लोग मौके पर जुट गए और पिकअप कब्जे में लेने का विरोध किया। इसको लेकर पुलिस से नोकझोक भी हुई।
मोहम्मदी कोतवाली के ग्राम गौरिया स्थित गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार 75 वर्षीय ध्यान सिंह मंगलवार को पिकअप लेकर सीतापुर जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे सैय्यदबाड़ा पुल के निकट पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा गई। सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर झाले पर खड़ी मिली, जबकि पिकअप घटना स्थल से 20 मीटर दूर मिला। हादसे के बाद पिकअप चालक ध्यान सिंह रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग मौके पर पहंच गए बाद में सभी लोग बरबर पुलिस चौकी भी गए। मुख्य सेवादारा के गायब होने की जानकारी मिली तो लोगों में रोष फैल गया। मुख्य सेवादार का मोबाइल भी बंद है। गुरुद्वारा से जुड़े लोगों ने बताया कि ध्यान सिंह ने अपनी भैंस बेची थी, जिसका रुपया भी उन्हीं के पास था। पुलिस चौकी बरबर पहुंचे लोगों ने सेवादार का पता लगाने की मांग की। इधर मामले की जानकारी मिलते ही सीओ मोहम्मदी विजय आनंद प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह रघुबंशी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जब पिकअप को कब्जे में लेना का प्रयास किया तो लोग आक्रोषित हो उठे और मुख्य सेवादार के न मिलने तक पिकअप देने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस से उनकी नोकझोक भी हुई। सीओ ने किसी तरह से लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली मालिक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ कर रही है। सीओ मोहम्मदी ने बताया कि गायब मुख्य सेवादार ध्यान सिंह के शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही के गांव ढखिया तिवारी निवासी दामाद सर्वमुख सिंह की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। गायब मुख्य सेवादार का पता लगाया जा रहा है।