लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ।
मुस्तफाबाद स्थित कबीरधाम के सत्संग में कवि सम्मेलन हुआ, जिसमें कवियों ने काव्य पाठ किया। मुख्य अतिथि संत असंग साहेब और ग्राम प्रधान बाबा अनुभव दास ने साहित्यिक सेवाओं के लिए कवि अमर फतेहपुरी शास्त्री को सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ बृजेश तिवारी ने मां सरस्वती की वाणी वंदना कर किया। रमेश पांडे शिखर ने कहा- प्यार कहता है पीर कहती है, वक्त की हर नजीर कहती है। जो शहंशाह है फकीरों का, दुनिया उसको कबीर कहती है।
मुनेंद्र प्रताप ने सियासत पर कटाक्ष करते हुए कहा- सियासत में कुर्सी बदलती रहेगी, कमी जो बनी है वह खलती रहेगी।
अमर फतेहपुरी शास्त्री ने कहा- कि पौरुष अजेय राष्ट्र का जगाओ साथियों, गिरते हुए इस देश को उठाओ साथियों।
राजीव शर्मा ने कहा कि- माता-पिता गुरु सेवा करिए, पर हित में रत रहिये।
ओज कवि कनक तिवारी ने संचालन करते हुए काव्यपाठ भी किया। कवि सम्मेलन में राम गोपाल राठौर, बाल कवि शशांक फतेहपुरी आदि ने काव्य पाठ किया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, जगदीश वर्मा, अनंत देव अवस्थी, केके तिवारी, चौकी इंचार्ज हर्षित कुमार, ओमवीर सिंह, विनीत पांडे आदि मौजूद रहे।