गोला गोकर्णनाथ।
नगर की कृषि उत्पादन मंडी समिति की एक दुकान से अधिकारियों ने फोन पर मिली सूचना के आधार पर छापा मारकर 35 क्विंटल खाद्यान्न बरामद कर दुकान को सीज कर दिया है।
मंगलवार की सुबह एसडीएम योगानंद पांडे के मोबाइल पर किसी ने मंडी समिति की एक दुकान में पीडीएस खाद्यान्न होने की जानकारी दी। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार विकासधर दुबे, सप्लाई इंस्पेक्टर ललित पाठक, सचिव ब्रजभान सिंह, राजस्व निरीक्षक विजय श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति पहुंचे। जहां एक आढ़ती की दुकान में पीडीएस खाद्यान्न के बोरों को खोलकर खाद्यान्न दूसरे बोरों में पलटा जा रहा था। मौके पर मिले मुनीम पियूष गुप्ता ने अधिकारियों को खाद्यान्न ब्रजेश राजपूत का बताया, जबकि दुकान रितेश गुप्ता पूजा ट्रेडिंग कंपनी के नाम एलाट है।
मुनीम ने दुकान पर छापेमारी की जानकारी ब्रजेश राजपूत को दी। मौके पर एक नेता को लेकर पहुंचे ब्रजेश राजपूत ने अधिकारियों पर दबाव बनाकर मामले को उलझाने का प्रयास शुरू किया। मामला सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का होने के कारण नेताजी मौके से खिसक लिए।
अधिकारियों ने मौके से पीडीएस गेहूं की 34, चावल की सात बंद बोरी, चावल की लगभग 35 खुली बोरियां और एक गेहूं की खुली बोरी सहित पीडीएस राशन की 110 खाली बोरियां बरामद की हैं। अधिकारियों की टीम ने दुकान को सील कर दिया है।
सुबह एसडीएम के निर्देश पर मंडी समिति में दुकान पर की छापामारी में लगभग 35 क्विंटल सरकारी खाद्यान्न बरामद हुआ है। दुकान को सील कर दिया गया है। मौके पर मिले मुनीम पियूष गुप्ता ने बताया कि खाद्यान्न ब्रजेश राजपूत का है, जबकि दुकान रितेश गुप्ता पूजा ट्रेडिंग कंपनी के नाम है।
- विकासधर दुबे, नायब तहसीलदार गोला
फोन पर मंडी समिति की एक आढ़त में पीडीएस खाद्यान्न होने की सूचना मिली थी। मौके पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम भेजी गई, जहां से 35 क्विंटल खाद्यान्न और खाली बोरियां बरामद हुई हैं। मामले की जांच कराकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- योगानंद पांडे, एसडीएम गोला