नवरात्र पर मिलावट खोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने टीमें बनाकर छापामार कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को शहर में मावा (खोवा) मंडी और विशाल मेगामार्ट में छापे मारकर नमूने भरे, जिससे व्यापारियों में खलबली मच गई, तो पलिया में भी टीम ने कई दुकानों पर छापा मारकर पांच नमूने भरे।
अभिहित अधिकारी डॉ. अमर सिंह वर्मा के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले मावा मंडी में छापा मारकर मावा के दो नमूने लिए। इसके बाद विशाल मेगामार्ट में छापा मारा गया, जहां टीम ने एक-एक नमूना बेसन और छुहारे का लिया। गोला रोड पर निरीक्षण के दौरान दूध का नमूना लिया गया। वहीं पलिया में टीम ने एसडीएम की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए दूध, रिफाइंड, वनस्पति तेल के पांच नमूने लिए हैं। अभिहित अधिकारी ने बताया कि नवरात्र के दिनों में छापामार कार्रवाई चालू रहेगी, जिसके बाद दीपावली को लेकर अभियान चलाया जाएगा।