यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के लिपिकों ने सोमवार को अपनी पूर्व एवं लंबित मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया और अपनी मांगों का ज्ञापन सीएमओ को सौंपा।
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सैनी के नेतृत्व में जिला व महिला अस्पताल के साथ-साथ सीएमओ कार्यालय के लिपिक सोमवार को सीएमओ कार्यालय पर जुटे। मौजूद लिपिकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों की पूर्व और वर्तमान लंबित मांगों को लेकर प्रांतीय नेतृत्व द्वारा कई बार स्वास्थ्य महानिदेशक को ज्ञापन दिया गया, लेकिन महानिदेशालय द्वारा अभी तक मांगों को संज्ञान में नहीं लिया गया। इसलिए प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर एक दिनी प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि 14 सितंबर तक हमारी समस्याओं का निराकरण न हुआ तो 15 सितंबर को प्रदेश मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान धीरेंद्र सिंह, राजीव जार्ज, अवधेश वर्मा, जितेंद्र श्रीवास्तव, हंसराम वर्मा, ज्ञानदीप, गीतांजलि, रीता सिंह, बालकराम वर्मा, अनिल पांडे, महेश कुमार संजय, अवस्थी सनतान मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह हैं लंबित मांगें
1. गैर जनपद में तैनात कनिष्ठ सहायकों की तैनाती जिले के रिक्त पदों पर की जाए,
2. वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक के पद पर पदोन्नति लिपिकों को उनके वर्तमान तैनाती जनपद में पद रिक्त होने के चलते समायोजन के आदेश किए जाए।
3. स्थानांतरित लिपिकों में से 34 लिपिकों के स्थगनादेश को निष्प्रभावी घोषित किया जाए, जिससे स्थानान्तरित लिपिक अपने तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर सकें।
4. प्रोन्नति समिति की बैठक करके कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक एवं प्रधान सहायक व प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर प्रोन्नतियां की जाएं।