29 एलकेएच 14, 15, 16
ईसानगर खीरी के चार व्यापारियों की बहराइच में मौत
पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बहराइच सीमा पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
ईसानगर(लखीमपुर खीरी)। पीलीभीत-बस्ती स्टेट हाईवे पर जनपद बहराइच में रविवार की रात ट्रक और पिकअप में भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप सवार ईसानगर क्षेत्र के चार व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। सभी व्यापारी बाबागंज बाजार से लौट रहे थे। घायलों को बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से डॉक्टर ने नौ लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसा बहराइच जिले में खीरी जिले की सीमा थाना मोतीपुर के निबिया गौढी के पास रात करीब 11 बजे हुआ। ईसानगर के व्यापारी बहराइच जिले के बाबागंज की साप्ताहिक बाजार गए थे। जहां से पिकअप से घर लौट रहे थे। थाना मोतीपुर क्षेत्र के निबिया गौढी के पास पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ईसानगर निवासी बशीर के 22 वर्षीय पुत्र साजिद, यासीन के 25 वर्षीय पुत्र फरियाद और मोहम्मद के 20 वर्षीय पुत्र असहमत और जाहिद जाहिद (18) की मौत हो गई, जबकि ईसानगर निवासी आशिक (32) पुत्र मुन्ने, टेढ़े (20) पुत्र सक्की, छोटू (16) पुत्र सक्की, सक्की (45), वकील (40), बाबू (25) पुत्र सकूर, मुस्ताक (35) बावर (26) पुत्र बसीर, कपिल (12) पुत्र वकील और थानाक्षेत्र के गणेशपुर निवासी कमाल (23) पुत्र अनवर सहित 16 लोग घायल हो गए। सूचना पर थाना मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक हेमंत गौड़ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टर ने नौ लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया। बहराइच पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
-------------------
सन्नाटे को चीर रही थी महिलाओं की चीत्कार
लखीमपुर खीरी। ईसानगर के लोगों के लिए रविवार की रात काली साबित हुई। रात में ही जब हादसे में चार व्यापारियों की मौत की जानकारी लोगों को हुई तो लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। महिलाएं की चीत्कार सन्नाटे को चीर रही थी।
कसबा ईसानगर के तमाम व्यापारी क्षेत्र के अलावा आसपास की साप्ताहिक बाजारों में दुकान ले जाते हैं। रविवार को भी बाबागंज की साप्ताहिक बाजार में गए थे। वापस आते समय बाबा गौढ़ी के पास हुए हादसे ने कसबे के चार व्यापारियों की जान ले ली। हादसे की खबर जब गांव पहुंची तो परिवार के लोग आशंकित हो उठे। जिसने सुना वही परिवार वालों के साथ घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। मौके पर पहुंचे लोग शवों और घायलों को देख उनके होश उड़ गए। घरों की महिलाओं की चीत्कार सन्नाटे को चीर रही थी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मची रही। वहां मौजूद ऐसा कोई व्यक्ति नहीं था, जिसकी आंखें नम न हो। हादसे के बाद कसबा ईसानगर और उसके आसपास के गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। उधर, पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद घर वालों को सौंप दिया। शव घर आते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग रोते-विलखते परिवार वालों को ढाढंस बंधा रहे थे।