जच्चा बच्चा की मौत पर अस्पताल सीज
क्रासर.....
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। कोर्ट के आदेश पर एसडीएम सदर ने बुधवार को छाउछ चौराहा स्थित कृष्णा अस्पताल को सीज कर दिया। कोर्ट ने जच्चा बच्चा की मौत के मामले में सीज करने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम सदर डॉ. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि करीब डेढ साल पहले सिंगाही क्षेत्र निवासी एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए कृष्णा अस्पताल ले जाया गया था। जहां प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई थी। इस पर मामले में महिला के पति ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना में नर्सिंग होम का पंजीकरण भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि महिला के पति द्वारा दायर किए गए वाद पर कोर्ट ने नर्सिंग होम को सीज करने के आदेश दिए थे, जिस पर बुधवार को सीओ सिटी एवं एसीएमओ डॉ.अश्वनी कुमार की मौजूदगी में अस्पताल को सीज कर दिया गया। एसडीएम सदर ने बताया कि अस्पताल के संचालक का नाम दिलीप मौर्या बताया गया है।
सीज करने पहुंची टीम को खाली मिला अस्पताल
बुधवार को कृष्णा अस्पताल सीज करने पहुंचे एसडीएम, सीओ सिटी एवं एसएमओ को अस्पताल परिसर खाली मिला। अस्पताल से सभी कर्मचारी और संसाधन गायब मिले। अस्पताल में कुछ बेड ही पड़े मिले।