रोडवेज बसें न चलने से बढ़ी यात्रियों की मुसीबत
चार जोड़ी ट्रेन बंद होने से गंभीर हुई समस्या
बहराइच-गोंडा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए नहीं हैं कोई साधन
अमर उजाला ब्यूरो
तिकुनियां। नेपाल सीमा क्षेत्र के लोग इन दिनों यातायात संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। मैलानी-बहराइच के बीच चार जोड़ी ट्रेने बंद होने के बाद बहराइच की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए अब कोई संसाधन नहीं है। इससे यात्रियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
तिकुनियां से बहराइच जाने लिए सिर्फ ट्रेन हुआ करती थी। रेलवे प्रशासन ने महीने भर पहले इस रूट की चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया है। इससे बहराइच की ओर जाने वाले यात्रियों के सामने संसाधनों की समस्या उत्पन्न हो गई। जनप्रतिनिधियों ने मैलानी से तिकुनियां होते हुए बहराइच तक रोडवेज बसों को चलाए जाने की घोषणा की थी, लेकिन यह बसें आज तक नहीं चल सकीं। इससे क्षेत्रीय लोगों में रोष है। नगर व्यापार मंडल, किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी से बंद हुई ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कराने या रोडवेज बस सेवा चालू कराने की मांग की है।
ट्रेनों के बंद होने से श्रद्धालुओं को भी दिक्कत
कौडियाला गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा काला सिंह बताते हैं अमावस्या को गुरुद्वारा में बहराइच, गोंडा, पीलीभीत, बरेली समेत दूर दूर से श्रद्धालु मत्था टेकने आते थे, लेकिन रेलों के बंद होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। यहां से दूसरे शहरों गोंडा बहराइच गोरखपुर के लिए रोडवेज भी नहीं चलाई गई और ना ही बड़ी रेल लाइन बनाई गई।
मैलानी से दोपहर 1.35 बजे तक जो ट्रेन तिकुनिया तक आती है, इसे जनता और व्यापारियों की मांग पर बहराइच तक रेलवे प्रशासन के आदेश पर ही चलाया जा सकता है, जिससे जनता को राहत मिल सकती है। जनता की यातायात समस्या को अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है।
- ज्ञान सिंह, स्टेशन अधीक्षक रेलवे स्टेशन तिकुनियां