9 एलकेएच 10
सदस्यों ने पालिका प्रशासन पर
लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदर्शन कर दलाल और भ्रष्टाचार मुक्त पालिका की मांग की
- सदस्य बोले, टैक्स लिपिक इन प्रतिष्ठानों का टैक्स न बढ़ाकर हर माह उनसे कर रहे लाखों रुपये की वसूली
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
पालिका प्रशासन की मनमानी कार्यशैली से आक्रोशित पालिका सदस्यों ने सोमवार को प्रदर्शन कर पैदल मार्च निकाला। उन्होंने पालिका को भ्रष्टाचार एवं दलाल मुक्त बनाने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
पालिका सदस्य मनीषा माथुर के नेतृत्व में पालिका गेस्ट हाउस में इकट्ठा हुए सदस्यों ने पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सदस्यों का कहना है कि भ्रष्टाचार के चलते पालिका में असंवैधानिक तरीके से टेंडर कर ठेकेदारों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं टैक्स लिपिक पर शहर के प्रतिष्ठानों से अवैध वसूली करने का आरोप भी लगाया। सदस्यों का कहना है कि टैक्स लिपिक इन प्रतिष्ठानों का टैक्स न बढ़ाकर हर माह उनसे लाखों रुपये की वसूली कर पालिका को राजस्व की क्षति पहुंचा रहे हैं और पालिकाध्यक्ष एवं ईओ जानबूझ कर अंजान होने का नाटक कर रहे हैं। सदस्यों ने निर्माण कार्य एवं खरीदे गए उपकरण के मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस मौके पर शमीम बानो, समीउन निशां, वंदना सिंह, अनिल शंकर, सौरभ सिंह, संगीता सिंह, शिवकिशोर, अनिरुद्ध त्रिपाठी, रवींद्र रावत, सुमित जायसवाल मोदी, त्रिलोक सिंह, अपूर्व सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
इसको लेकर है नाराजगी
1. छह जनवरी को हुई प्रथम बोर्ड बैठक में पास प्रस्तावों का कार्यवाही पंजिका में अंकित न करना।
2.निर्माण कार्य एवं सप्लाई की कार्य योजना सदन में प्रस्तुत किए बगैर ठेकेदारों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से मनमाने तरीके से टेंडर कराना।
3.सदस्यों का कहना है शहर में हॉटमिक्स से निर्माण कराई गई सड़कें गुणवत्ताहीन और मानक के विपरीत हैं।
4. सफाई कर्मचारियों से अवैध धन वसूले करने के मामले में सदन द्वारा दोनो सफाई निरीक्षकों को कार्यमुक्त करने के बाद अभी तक पालिका में ही रहना।
5. टैक्स लिपिक द्वारा शहर के होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल टावरों आदि का कर न बढ़ाकर उनसे अवैध वसूली कर पालिका को लाखों की चपत लगाना।
पालिका सदस्य जो आरोप लगा रहे हैं वह सभी मनगढ़ंत हैं। रही बात बोर्ड बैठक में होने वाले प्रस्तावों के कार्यवाही पंजिका में अंकित करने की तो वह भी समय रहते अंकित कर लिए जाते हैं।
- अखिलेश त्रिपाठी, ईओ पालिका लखीमपुर
गठित हुई गुणवत्ता परख समिति
राजगढ़ की सदस्य मनीषा माथुर ने पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों एवं खरीदे जाने वाले उपकरणों की जांच के लिए गुणवत्ता परख समिति गठित की है। उनका कहना है कि यह समिति मामलों की जांच कर अपनी रिपोर्ट पालिका ईओ का सौंपेगी।