लखीमपुर खीरी।
नगर निकाय चुनाव में चौथे दिन मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए 23 नामांकन फार्म बिके हैं, जबकि अलग-अलग नगर पालिका/नगर पंचायतों में नौ उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए हैं।
लखीमपुर नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए सपा उम्मीदवार डॉ. उमा कटियार ने नामांकन कराया है, जबकि ओयल नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार अमरीश सिंह ने एक पर्चा दाखिल किया है और एक अन्य सेट खरीदा भी है। खीरी टाउन नगर पंचायत से उस्मानिया खातून ने पर्चा भरा है, जबकि मेहनाज ने एक नामांकन फार्म खरीदा है।
धौरहरा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चौथे दिन पूर्व चेयरमैन अफताफ खां की दो पुत्रवधुओं सुहेला खान पत्नी इकबाल खान और सना खान पत्नी अफजाल के अलावा सुल्ताना बेगम पत्नी मोहम्मद मुराद, गुड्डी देवी पत्नी राधेश्याम ने नांमाकन कराए हैं। एसडीएम घनश्याम त्रिपाठी ने बताया कि सदस्य पद के लिए कुल 31 लोगों ने नामांकन कराया, जबकि अध्यक्ष पद के लिए तीन और सदस्य के लिए दस नामांकन फार्म बिके हैं।
निघासन। एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि सिंगाही नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए अब तक 13 नामांकन फार्म बिक चुके हैं, लेकिन एक भी पर्चा दाखिल नहीं हुआ है। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए एक भी फार्म नहीं बिका। इसके अलावा सदस्य पद के लिए 14 पर्चे दाखिल हुए हैं।
पलिया। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को कोई नामांकन नहीं हो सका। हालांकि सदस्यों ने बिना देरी किए नामांकन कराना शुरू कर दिया है। रंगरेजान वार्ड दो से एक, वार्ड तीन से एक, वार्ड एक से पांच, बाजार वार्ड एक से दो, माहीगिरान से चार, पांडेय बाबा से तीन, अहिरान वार्ड द्वितीय से दो, अहिरान वार्ड प्रथम से एक, माहीगिरान वार्ड द्वितीय से दो, सिंगहिया से तीन, बरबंडा से एक सहित कुल 25 सदस्यों ने पर्चा दाखिल किया है।
मैलानी। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को चार पर्चे बिके, जिसमें अर्जुन सिंह और राजाराम ने दो-दो सेट खरीदे, जबकि सदस्य पद के लिए कुल आठ फार्म बिके।
गोला गोकर्णनाथ। नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन निर्वाचन अधिकारी योगानंद पांडे से अध्यक्ष पद के लिए रेखा गुप्ता और रवि गुप्ता ने दो-दो सेट नामांकन फार्म खरीदे। सदस्य पद के लिए 18 फार्म बिके और 10 ने नामांकन कराया।
मोहम्मदी। मोहम्मदी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संदीप मेहरोत्रा ने नामांकन कराया है। जबकि विजय राठौर ने दो सेट नामांकन फार्म खरीदे हैं। सदस्य पदों पर 14 लोगों ने नामांकन कराया है।
बरवर। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सैय्यद यूसुफ हुसैन ने नामांकन कराया है। जबकि सदस्य पद के लिए दो लोगों ने नामांकन कराया है।