जिले की 13 सहकारी गन्ना विकास समितियों में संचालकों (डायरेक्टर) के चुनाव के लिए बुधवार को शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हो गया। इसमें 142 संचालक पदों के सापेक्ष 63 संचालक पदों पर मतदान हुआ, जबकि 79 संचालक निर्विरोध चुने गए हैं। अरनीखाना में सात, पलिया में 10, मोहम्मदी में 11, भीरा में नौ, फरधान में नौ, जेबीगंज में 11, संपूर्णानगर में 12, ऐरा में 11, गोला में 13, मैगलगंज में 11, लखीमपुर में 12, संपूर्णानगर मिल और बेलरायां मिल में 13-13 संचालक चुने गए। अब गुरुवार को इन्हीं संचालकों के बीच से सभापति और उपसभापति का चुनाव किया जाएगा।
लखीमपुर समिति में निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी और सहायक निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा की देखरेख में सात संचालक पदों के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें 16 उम्मीदवार मैदान में थे। 172 डेलीगेट ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान केंद्र के बाहर समर्र्थकाें की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने अपने प्रत्याशी की जीत पर जशभन मनाया।
गोला गोकर्णनाथ। सहकारी गन्ना विकास समिति में संचालक के 12 पदों पर कराए गए। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, सीओ मधुवन कुमार सिंह, कोतवाल एके उपाध्याय, सचिव भूपेश कुमार राय आदि दलबल के साथ चुनाव की व्यवस्था में लगे रहे। मतदान के बाद हुई मतगणना में रिजल्ट घोषित किए गए, जिसके मुताबिक साधना, रामपाल, बादाम सिंह, कल्पना यादव (निर्विरोध), नमिता, सुरेशचंद, कन्हैयालाल वाजपेयी, रामप्रकाश, महेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, आशीष कुमार सिंह, राजीव शुक्ला, राजेंद्र प्रसाद और नरायनलाल (शासन से नामित) संचालक बने हैं।
पलियाकलां। सहकारी गन्ना विकास समिति के अतरिया और बल्लीपुर के डायरेक्टर पदों के लिए बुधवार को मतदान हुआ। इसमें अतरिया से सिराजुद्दीन और बल्लीपुर से रामपाल ने जीत हासिल की। इससे पूर्व सात पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। अब गुरुवार को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों ने जोड़ तोड़ और तेज कर दी है। वहीं पूर्व पालिका अध्यक्ष महमूद को शासन ने संचालक नामित किया है, जो अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में मतदान कर सकेंगे।
संपूर्णानगर। खीरी-पीलीभाीत गन्ना सहकारी समिति प्रबंध कमेटी चुनाव में डायरेक्टर पद के लिए नहरोसा -पीलीभीत से कासिम, सिंगाही खुर्द से महिपाल सिंह, भानपुरी खजुरिया से लालबिहारी, रामनगर से ज्ञानपती देवी, सुमेरनगर से कंवरजीत सिंह ने जीत दर्ज की है। निर्वाचन अधिकारी बलराम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी मोइनुद्दीन खां ने बताया कि मंजीत कौर, दिलावर जीत सिंह, वीरेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, चंद्रकांता साहनी, बेअंत सिंह, मुख्तयार सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
किसान सहकारी चीनी मिल प्रबंध कमेटी के लिए डायरेक्टर पद चुनाव में मीनू साहनी, हरवेंद्र सिंह चुने गए हैं। जबकि सैयद सईद अहमद शासन से डायरेक्टर मनोनीत हुए हैं। इससे पूर्व कुलवंत सिंह, इंद्रदीप सिंह बटन, सुनील प्रताप, वीरेंद्र कुमार, हरभजन सिंह, निशान सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
बेलरायां। सरयू सहकारी चीनी मिल बेलरायां में 13 संचालक में से पांच संचालक पहले ही निर्विरोध घोषित किए जा चुके थे। आठ संचालकों के चुनाव में 61 डेलीगेटों ने अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी वीडीओ तेजवंत सिंह सीसीओ वीरेंद्र कुमार सुरक्षा अधिकारी कोतवाली इंचार्ज संजय सिंह मौके पर मौजूद रहे।
मोहम्मदी। स्थानीय सहकारी गन्ना विकास समिति में संचालक पद के चुनाव में पांच पदों पर हुए चुनाव में रमेश चंद्र गुप्ता, नीशू सिंह, रामरतन वर्मा, रमेश चंद्र यादव, विजेंद्र सिंह ने जीत हासिल की। अग्रसेन यादव को शासन से संचालक मनोनीत किया गया है।
जंगबहादुरगंज। सहकारी गन्ना विकास समिति के संचालक के छह पदों पर चुनाव हुआ, जिसमें एक निर्वाचन क्षेत्र के दोनों प्रत्याशियों को समान मत मिलने पर लाटरी निकाली गई। पांच पदों पर एकल नामांकन होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका था। वकीउल्ला सिद्दीकी को शासन से संचालक मनोनीत किया गया है। निर्वाचन अधिकारी दशरथ कुमार ने बताया कि संचालक क्षेत्र बरवर में किरन देवी और सुधा पांडे को बराबर मत मिलने के कारण लाटरी डाली गई, जिसमें सुधा पांडे विजयी हुई। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी रामअवतार राना, छोटेलाल आदि मौजूद रहे।