लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत जनपद के 1290 युवा उद्यमी बन गए हैं। पांच लाख रुपये तक का बिना ब्याज पर ऋण लेकर ये युवा कारोबार से जुड़कर खुद आत्मनिर्भर बने। अन्य लोगों को भी साथ जोड़कर रोजगार दिया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद के 1750 युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य है। योजना में अच्छी बात ये है कि न्यूनतम योग्यता कक्षा आठ रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ ले सकें।
उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में खास बात यह है कि युवाओं को पांच लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है। युवाओं को सिर्फ मूलधन चुकाना होगा, यानी उन्हें इस लोन का ब्याज नहीं देना होता है। उन्हें 10 प्रतिशत की सब्सिडी भी मिलती है।
यह योजना मुख्यमंत्री ने युवाओं को उद्यम के क्षेत्र में अपने विचारों और खास विचारों को अपनाकर खुद के साथ-साथ अन्य युवाओं के लिए रोजगार सृजन करने के लिए लाई गई है। योजना का लाभ लेने के लिए 21 से 40 वर्ष तक उम्र होनी चाहिए।
कुछ बैंकों से नहीं मिल रहा सहयोग
उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह ने बताया कि अधिकांश बैंकों का पूरा सहयोग है लेकिन प्राइवेट एक्सिस व एचडीएफसी बैंक का सहयोग ठीक से नहीं मिल रहा है। यह बैंक जल्दी फाइल को आगे नहीं बढ़ाती हैं। हालांकि, डीएम की ओर से संबंधित बैंकों पर सख्ती दिखाई है। उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह ने बताया कि ने बताया कि योजना के तहत 75 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। फरवरी या मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। योजना का प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है।