लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को दो हजार रुपये की पहली किस्त देने के लिए शासन ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में केंद्र सरकार ने गाइड लाइन जारी की है, जिसके मुताबिक एक फरवरी 2019 तक दो हेक्टेयर तक भूमि वाले किसान इस योजना के पात्र होंगे। वहीं पति-पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक परिवार मानते हुए एक व्यक्ति को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लाभार्थियों की लिस्ट बनाकर ग्राम पंचायतों में चस्पा कराई जाएगी, जिसमें किसान का नाम, भूमि का एरिया और जाति का विवरण रहेगा। किसानों से आधार कार्ड और बैंक खाता संख्या जमा कराया जाएगा। सूची फाइनल होने के बाद एम किसान पोर्टल पर अपलोड कराई जाएगी। कृषि अधिकारी ने बताया है कि इस योजना को लेकर मंगलवार को वीडीओ कांफ्रेसिंग होगी, जिसमें विस्तृत रूप से दिशा-निर्देश मिलेंगे। तब योजना के बारे में सब कुछ साफ हो सकेगा।
ऋणमोचन के आवेदनों की जांच करेंगे बैंक
लखीमपुर खीरी। फसल ऋण मोचन योजना के तहत 52300 किसानों ने आवेदन जमा किए हैं, जिनकी जांच के लिए कार्रवाई शुरू हो गई है। बैंक शाखावार आवेदनों को छटनी कराया गया है और फार्मों को उन्हीं शाखाओं के सुपुर्द किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक सप्ताह में बैंकों को आवेदनों की जांच करनी है। प्रदेश में करीब तीन आवेदन जमा हुए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा लखीमपुर में आवेदन जमा हुए हैं। अभी तक ऋणमोचन योजना के तहत जनपद के 1,45,382 किसानों को 971.67 करोड़ रुपये ऋणमोचन का लाभ दिया जा चुका है।