दो घरों में सेंध लगाकर लाखों का सामान चोरी
मैगलगंज। थाना क्षेत्र के नई बस्ती खखरा में शुक्रवार की रात चोरों ने दो मकानों में सेंध लगाकर जेवर समेत लाखों कीमत के माल पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामियों को घटना की जानकारी शनिवार की सुबह हुई, जिससे परिवार वाले सन्न रह गए। तुरंत सूचना पुलिस को दी गई।
नई बस्ती निवासी देवेंद्र पुत्र श्रीराम के घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे के अंदर रखे बक्से को तोड़कर 9500 रुपये नकद, सोने की झुमकी, मांगबेंदी, अंगूठी, पायल समेत करीब 50 हजार कीमत का जेवर, साड़ी, कपड़ा आदि कीमती सामान चुरा ले गए। इसके बाद इसी मोहल्ले में बरगवां रोड के निकट राजेंद्र पुत्र शिवकुमार के घर पर चोरों ने धावा बोलते हुए मकान के ताले तोड़ दिए। फिर घर के अंदर रखे बक्से से 10 हजार रुपये नकद, सोने की झुमकी, मांगबेंदी, पायल समेत करीब 30 हजार कीमत का जेवर चुरा ले गए। राजेंद्र की बेटी की तबीयत खराब थी, जिसका इलाज कराने के लिए वह बाहर गया हुआ था। घर में कोई नहीं था। सुबह जब वारदात की सूचना मिली तो घर पहुंचा देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित दोनों गृहस्वामियों ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि वारदातों का खुलासा शीघ्र किया जाएगा।