नगर पालिका बोर्ड की बैठक में रामलीला मेला कराने का हुआ निर्णय
बैठक में विरासत की 28 और मानचित्र की 12 पत्रावलियां स्वीकृत
मोहम्मदी। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में माह जून, जुलाई 2018 के आय व्यय के अनुमोदन के साथ नामांतरण की 63, विरासत की 28 एवं मानचित्र की 12 पत्रावलियां स्वीकृत की गई।
वर्ष 2018 में श्रीरामलीला मेला के आयोजन की व्यवस्था पर सदस्य सुशीला वर्मा, मोहम्मद नूर, अनुपम गुप्ता और रूपा सक्सेना ने गत वर्ष से बजट को बढ़ाते हुए अच्छे कार्यक्रम कराने पर बल दिया। पालिका अध्यक्ष ने एतिहासक रामलीला मेला कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को राम बारात आदि सारे आयोजनों में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होना चाहिए। ईओ डीके राय ने ओडीएफ पर बल देते हुए कहा कि नगर मोहम्मदी ओडीएफ हो चुका है। वर्तमान में 700 शौचालय बन रहे हैं। सदस्य सुशीला वर्मा, संजीव गुप्ता, रवि गुप्ता, उर्मिला देवी ने विभिन्न जगहों पर जलभराव जल निकासी की समस्या का मुद्दा उठाया। बैठक में यह भी तय किया गया कि समरसेबल की मकानों के सामने लगाई गई टोटियों को मकान स्वामी यदि सुरक्षित नहीं रख सकता है तो उस प्वाइंट को बंद कर दिया जाए।
पालिका दुकानों के छत के आवंटन का मुद्दा छाया
सदस्य सिराज अली ने 24 सदस्यों से हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र सदन के पटल पर प्रस्तुत करते हुए कहा कि पानी की टंकी के सामने पालिका की एल सेव की दुकान नंबर 1 से दुकान नंबर 6 तक की छत का आवंटन एक ही व्यक्ति के नाम हुआ है, जो अनुचित है। छतों की स्थिति जर्जर है। उन्होंने आवंटन निरस्त करने को कहा। इस पर ईओ ने बताया कि सुपर सीट पीरियड के दौरान यह आवंटन किया गया है और बोर्ड गठन के बाद उसकी रजिस्ट्री कराई गई है जो कि गलत है। ईओ ने कहा कि संबंधित दुकानों का निर्माण को रोक दिया गया है और इसकी जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।