05 एलकेएच 1, 2, 3
दरोगा ने जड़ा थप्पड़ तो भड़के अभाविप कार्यकर्ता
कोतवाली गेट पर धरना-प्रदर्शन कर की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। जाम खुलवाने के दौरान मंगलवार को सदर कोतवाली में तैनात एक दरोगा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला सह संयोजक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दरोगा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे उत्तेजित कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। दरोगा के निलंबन की मांग को लेकर कार्यकर्ता कोतवाली गेट पर धरने पर बैठ गए। शहर कोतवाल ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने। सीओ सिटी ने एसपी से वार्ता करने के बाद जब कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए और धरना समाप्त किया।
शहर के रेलवे स्टेशन के निकट ओवरब्रिज के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीषण जाम लगा था। इससे दोनों ओर काफी लंबी वाहनों की लाइन लगी थी। सपा के प्रदेश अध्यक्ष भी लखीमपुर पहुंचने वाले थे। इसलिए टीएसआई सूर्यमणि यादव, कोतवाली में तैनात दरोगा दुर्वेश गंगवार सहित कई पुलिसकर्मी और होमगार्ड ओवरब्रिज के पास पहुंच गए। जाम खुलवाने का प्रयास करने लगे। बताते हैं कि इसी बीच अभाविप के जिला सह संयोजक शिवांशु तिवारी बाइक से आ गए और पुल के नीचे की ओर बाइक मोड़ दी। दरोगा दुर्वेश ने उन्हें रोक लिया। ओवरब्रिज पर सीधे जाने को कहा, लेकिन शिवांसु तिवारी पुल के नीचे से ही जाने की बात पर अड़ गए। इसी पर दोनों में तीखी झड़प होने लगी। जिला सह संयोजक का आरोप है कि दरोगा ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसकी जानकारी जब अन्य कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं को हुई वह भड़क गए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला संयोजक अपूर्व मिश्रा के साथ सदर कोतवाली पहुंचे। वहां भी पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। कुछ कार्यकर्ता हमलावर होने लगे। इससे वहां एक-दो बार हाथापाई की नौबत आ गई। शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय और मौजूद सिपाहियों ने सूझबूझ से काम लिया जिससे बवाल टल गया लेकिन नाराज कार्यकर्ता कोतवाली गेटपर धरने पर बैठ गए। आरोपी दरोगा के निलंबन की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर सीओ सिटी आरके वर्मा भी कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं की काफी मान मनौव्वल की लेकिन कार्यकर्ता निलंबन न होने तक धरने पर डटे रहने पर अड़ गए। इसी बीच भाजपा नेता उमेश कुमार मिश्रा सहित कई लोग कोतवाली आ धमके। इससे माहौल फिर गरमा गया। हालांकि सीओ सिटी और शहर कोतवाल ने लोगों को शांत कराया। सीओ ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसपी रामलाल वर्मा को दी। एसपी ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए।
वर्जन.....
जाम खुलवाने के दौरान विवाद हुआ है। एसपी को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। जांच के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- आरके वर्मा, सीओ सिटी
कहासुनी तो हुई, पर नहीं मारा थप्पड़
मैं जाम खुलवा रहा था। वहां पर कई लोग मौजूद थे। मैने जब बाइक चालक से सीधे ओवरब्रिज जाने को कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा। स्टार उतरवाने की धमकी देने लगा। इसी बात पर उससे कहासुनी हुई थी। थप्पड़ मारने का आरोप गलत है। कहने को तो कोई भी कुछ भी आरोप लगा सकता है।
- दुर्वेश गंगवार, आरोपी एसआई सदर कोतवाली