मैलानी। रेलवे में मान्यता प्राप्त यूनियन के लिए हो रहे चुनाव के तीन दिवसीय मतदान के दूसरे दिन मैलानी में 119 और तिकुनिया में 21 वोट पड़े। मतदान के दौरान दूसरे दिन भी आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस की मौजूदगी रही।
दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सुबह आठ से शाम छह बजे तक हुए मतदान में 119 रेल कर्मचारियों ने वोट डाले, जबकि पहले दिन बुधवार को 200 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अब तक यहां कुल 404 में 319 वोट पड़ चुके हैं। इस प्रकार यहां कुल 79 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
उधर, तिकुनिया में दूसरे दिन 21 कर्मचारियों ने वोट डाले। वहां दो दिन के मतदान कुल 90 में 66 मतदाताओं ने वोट डाले। तिकुनिया में अंतिम दिन तक कुल 66 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद दोनों जगह मतपेटी को सील कर दिया गया।
तीसरे दिन शुक्रवार को केवल मैलानी में ही मतदान होगा और सिर्फ रनिंग कर्मचारी ही अपना वोट डाल सकेंगे। तीसरे दिन शुक्रवार को भी नई मतदान पेटी में वोट डाले जाएंगे। संवेदनशील घोषित मैलानी मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए दूसरे दिन भी आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।