रेलवे पटरी चोरी की पड़ताल तेज
लखीमपुर खीरी। रेलवे सुरक्षा बल के असिस्टेंट कमांडेंट रविवार को जिले में आए। उन्होंने चोरी हुई मीटरगेज की पटरियों के मामले की जांच कर रही एसआईबी (क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो) टीम एवं आरपीएफ इंस्पेक्टर से प्रकरण की जानकारी ली और मौका मुआयना भी किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा संबंधी इंतजाम को और मजबूत करने के निर्देश दिये।
लखीमपुर फरधान रेल प्रखंड पर स्थित हलुआपुर गांव के पास उखाड़ कर लाई गईं मीटरगेज की 38 पटरियां 23 दिसंबर को चोरी हो गई थी, जिसका मुकदमा दर्ज होने के बाद रविवार को आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट वीरेंद्र कुुमार मिश्रा रविवार को लखीमपुर स्टेशन स्थित आरपीएफ चौकी पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह एवं एसआईबी टीम से चोरी के मामले की जांच में क्या प्रगति है इसकी जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मौका मुआयना भी किया। इस दौरान आरपीएफ चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
पटरियां चोरी होने का मुकदमा मैैलानी थाने में दर्ज हो गया है और इसकी जांच एसआईबी कर रही है। मामले का जल्द से जल्द खुलासा हो, इसके लिए एसआईबी टीम को निर्देशित किया गया है। कार्यदायी संस्था के लोग चोरी हुई पटरियों की संख्या 38 बता रहे हैं।
वीरेंद्र कुमार मिश्रा, असिस्टेंट कमांडेंट रेलवे सुरक्षा बल