रवही पुल में कूदे युवक का चौथे दिन मिला शव
लखीमपुर में करता था बढ़ईगीरी का काम
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। थाना खीरी की ओयल चौकी क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी 18 वर्षीय युवक चार दिन पहले लखीमपुर जाने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद उसने रवही पुल से नहर में छलांग लगा दी थी। कई दिनों तक खोजबीन के बाद रविवार की सुबह अमृतागंज पुल के पास शारदा नहर में शव बरामद हुआ है। नहर के पास ही उसकी साइकिल और मोबाइल मिला था।
सिकंदरपुर निवासी विनोद कुमार का 18 वर्षीय पुत्र रामकिशोर लखीमपुर में बढ़ईगीरी का काम करता था, जो गुरुवार को घर से काम पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में रवही पुल पर पहुंचा, तो उसने साइकिल और मोबाइल किनारे रखकर नहर में छलांग लगा दी थी। लोगों ने यह घटना देखने के बाद परिवार वालों और पुलिस को सूचना दी। तुरंत गोताखोरों की मदद से रामकिशोर की तलाश कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने अमृतागंज पुल के पास नहर में शव देखा, जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह कुछ लोगों ने उसे नहर में कूदते हुए देखकर सूचना घरवालों को दी थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।