फोटो--- 602 और 603
नवाब तसद्दुक हुसैन ने की थी रामलीला मंचन की पहल
156 साल पुराना है औरंगाबाद रामलीला का इतिहास
मैगलगंज। औरंगाबाद कस्बे की रामलीला का 156 साल पुराना इतिहास है। यहां पहले राजा प्रतापगढ़ की रियासत थी। अंग्रेजों ने रामलीला में बाधा डालने का प्रयास किया, लेकिन सामुदायिक सौहार्द से वह अपनी कोशिश में सफल नहीं हो सके। गांव के ही कलाकारों द्वारा रामलीला के किरदार निभाए जाते हैं।
1857 में औरंगाबाद के मक्खन शाह, झाऊ शाह, मखनू पाठक, जगन्नाथ तिवारी एवं प्रमोद अवस्थी आदि ने इलाहाबाद और काशी की रामलीला देखने के बाद यहां श्री रामलीला का शुभारंभ किया। मक्खन शाह हरदोई जनपद के शाहाबाद के मूल निवासी थे। वह 1800 ई में यहां आकर बसे थे। मक्खन शाह की मृत्यु के बाद छोटकाई, महेश शाह आदि ने रामलीला की कमान संभाली। इसके बाद कायस्थ परिवार के काटा राय, रामलाल, प्यारेलाल, बांकेलाल, लाल बहादुर, डोरीलाल लोहार आदि ने रामलीला करवाना शुरू कर दिया। कुछ वर्षों के बाद इस रामलीला में काफी संघर्ष होने लगा, क्योंकि अंग्रेज नहीं चाहते थे। यह रामलीला हो इस संघर्ष के दौरान घासीराम त्रिपाठी, शिवसागर अवस्थी, गंगाराम मिश्रा, बेनी प्रसाद मिश्रा, लक्ष्मण मिश्रा को जेल जाना पड़ा, जिनको बैरिस्टर डगलस फोर्ड की मदद से जेल से रिहा कराया गया। हालांकि अंग्रेज नहीं चाहते थे कि रामलीला हो इसलिए तीन साल तक रामलीला मेला नहीं हुआ। इसके बाद औरंगाबाद के नवाब तसद्दुक हुसैन ने पुन: मेला की कमेटी बनवाई। 36 वर्षों के बाद गद्दीधर नन्हू किन्नर की मौत के बाद उनके चेले पुत्तन किन्नर ने मेले में सहभागिता निभाई। इस अवधि में किन्नर ही रामलीला के अगुवा थे। 1968 में मेला ग्राउंड को लेकर विवाद हो गया। फिर मेला मैदान की रजिस्ट्री और सुलह के बाद हिंदू और ब्राह्मण समाज के लोग मिलकर रामलीला के किरदार निभाते हैं । हर साल दशहरा में रामलीला होती है। रावण वध की लीला के साथ ही यहां का मेला समाप्त होता है।