धान बेचने के लिए पांच लाख में 1540 किसानों ने ही कराया पंजीकरण
ऑनलाइन पंजीकरण का आज अंतिम मौका
लखीमपुर खीरी। सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य 1750 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने के लिए इच्छुक किसानों का इस बार पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है, जिसमें अब तक जनपद के मात्र 1540 किसानों ने पंजीकरण कराया है। जबकि किसानों की संख्या करीब पांच लाख है। पंजीकरण कराने के लिए किसानों को 15 सितंबर 2018 तक मौका दिया गया है। पिछले वर्ष 15 हजार से अधिक किसानों ने एजेंसियों के क्रय केंद्रों पर धान बेचा था।
किसानों के कम पंजीकरण होने से खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी किसानों के पंजीकरण बढ़ाने के लिए परेशान हैं। पंजीकरण कम होने का फायदा उठाते हुए एजेंसियों ने पिछले वर्ष से आधे क्रय (60) केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया था, जिसे शासन ने नामंजूर करते हुए पिछले वर्ष की संख्या के बराबर यानी 119 क्रय केंद्र खोलने के आदेश दिए हैं। लिहाजा खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने एजेंसियों से और क्रय केंद्र खोलने के प्रस्ताव मांगे हैं। वहीं धान बेचने के इच्छुक किसानों के पंजीकरण 15 सितंबर 2018 तक ऑनलाइन पंजीकरण के बाद तहसील प्रशासन से सत्यापन कराया जाएगा। खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले किसान ही क्रय केंद्रों पर धान बेच सकेंगे। इसकी जानकारी सभी किसानों को दी जा चुकी है।