गोला गोकर्णनाथ।नगर के मोहल्ला भारत भूषण कॉलोनी निवासी चित्रकार अंकुर वर्मा और मोहम्मदी मार्ग निवासी प्रिया सोनी की आर्ट कृतियां बुंदेलखंड आर्ट सोसाइटी द्वारा झांसी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी के लिए चुनी गई हैं। अंकुर को पेरिस में होने वाली पांच दिवसीय चित्रकला कार्यशाला का भी बुलावा आया है।
आठ से 10 फरवरी तक राष्ट्रीय संग्रहालय झांसी की कला विथिका में प्रदर्शित होने वाली कला प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए दोनों चित्रकारों की कलाकृतियां स्वीकृत की गई हैं। अंकुर मास्टर ऑफ फाइन आर्ट हैं, जबकि प्रिया सोनी डीएवी कॉलेज कानपुर से आर्ट से एमए कर रही हैं। अंकुर की कृतियां मुंबई, दिल्ली, जोधपुर, पटना, मध्य प्रदेश की आर्ट गैलरी में प्रदर्शित हो चुकी हैं। वह देहरादून, बिहार और दिल्ली में अतिथि चित्रकार के रूप में कला कार्यशालाओं में शिरकत कर चुके हैं। इस वर्ष चार से नौ मार्च को पेरिस में होने वाली चित्रकला कार्यशाला में भाग लेने के लिए जेरेवस पेनागियोटिस के द्वारा आमंत्रित किया गया है। प्रिया सोनी को पहली बार आर्ट गैलरी में अपना हुनर दिखाने का मौका मिला है। प्रिया का कहना है कि उसे बचपन से ही चित्रकारी का शौक है, इसलिए उसने इसे अपने पाठ्यक्रम में विशेष स्थान दिया।