महेवागंज/सुंदरवल। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गूम गांव के पास ओवरलोडेड बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक सांड़ की मौके पर मौत हो गई। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यवाई का आश्वासन दिया। दिया। सांड़ को गड्ढे में दफन करवा दिया। तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और करीब पौन घंटे बाद जाम खुल सका।
फूलबेहड़ में शारदा तटबंध के अंदर बसे गांव गूम-मिलपुरवा मार्ग पर सेंटर के पास शुक्रवार रात बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने सांड़ को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह जब लोगों ने देखा तो भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप है कि रोजाना बालू भरी ओवरलोडेड सैकड़ों ट्रॉली रोजाना निकलती हैं। ओवरलोडेड होने के कारण अक्सर ट्रॉली में जुड़ा ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठा हुआ चलता है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। इसी का नतीजा है कि सांड़ की मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने हंगामा कर बालू भरने जा रही कई ट्रॉलियों को रोक लिया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर सांड़ को गड्ढे में दफन करवाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। लोगों का कहना था कि अगर ओवरलोडिंग बंद न हुई तो किसी भी वक्त हादसा हो सकता है।