4.50 लाख किसान होंगे सम्मान निधि से लाभान्वित
लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दो हेक्टेयर तक कृषि भूमि वाले (लघु एवं सीमांत) किसानों के खाते में हर साल तीन किस्तों में छह हजार रुपये भेजे जाएंगे। इससे जनपद में करीब 4.50 लाख किसान परिवारों को लाभ मिलने वाला है। सरकार ने चुनाव से पहले एक किस्त देने का ऐलान किया है, जिससे किसानों के साथ ही कृषि विभाग में सरगर्मी बढ़ गई है।
जनपद की कुल आबादी करीब 44 लाख है, जिसमें 6.11 लाख किसान परिवार हैं। 5.85 लाख किसानों का कृषि विभाग में पंजीकरण कराया जा चुका है, जो कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि करीब 4.50 लाख किसान परिवार ऐसे हैं, जिनके पास दो हेक्टेयर या इससे कम भूमि है। हालांकि अभी इन आंकड़ों की अधिकारिक पुष्टि नहीं है, क्योंकि विभाग को शासनादेश मिलने का इंतजार है। इसके बाद ही लघु एवं सीमांत किसानों की सूची तैयार करने का काम शुरू किया जाएगा, तभी लघु एवं सीमांत किसानों की वास्तविक संख्या का आकलन हो सकेगा। सरकार ने इसी वित्त वर्ष में मार्च तक सभी पात्र किसानों के खातों में पहली किस्त के तौर पर दो-दो हजार रुपये भेजने के निर्देश दे दिए हैं, जिससे फरवरी का महीना कृषि विभाग के अधिकारियों के लिए भारी साबित होने वाला है। सूत्रों की माने तो आवेदन फार्म जमा कराए गए, तो मार्च में पहली किस्त देना संभव न हो पाएगा। यदि भूलेख और कृषि विभाग के पास मौजूद डाटा के आधार पर किसानों का चयन किया जाए, तभी मार्च तक पहली किस्त किसानों के खाते में पहुंचाई जा सकेगी।
जनपद में लघु एवं सीमांत किसानों की संख्या सबसे ज्यादा करीब 4.50 लाख हैं। विभाग के पास 5.85 लाख किसान पंजीकृत हैं, जिन्हें डीबीटी योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत शासनादेश अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे अभी इसकी प्रक्रिया के बारे ज्यादा कुछ बताना संभव नहीं हो पा रहा है।
- लालबहादुर यादव, उप निदेशक (कृषि)