हेलमेट ने बचाई बेटे की जान, मां की मौत
साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पलटी बाइक
कचहरी से मंझरापूरब जाते समय हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शारदानगर रोड पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में सोमवार शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पीछे बैठी कोतवाली तिकुनियां के गांव मंझरापूरब निवासी अमरो कौर की मौके पर मौत हो गई, जबकि हेलमेट लगा होने के कारण उसके बेटे नेक सिंह को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव मंझरापूरब निवासी नेक सिंह ने बताया कि छह महीने पहले पुलिस ने उसके छोटे भाई प्रीतम सिंह का चोरी के मामले में चालान कर दिया था। तब से उसका भाई जेल में है। सोमवार को वह भाई की जमानत कराने के लिए अपनी मां अमरो कौर को बाइक से साथ लेकर लखीमपुर आया था। शाम को वह काम निपटाकर वापस जा रहा था। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में पतरासी के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में हेलमेट लगा होने के कारण उसे खरोंच आई, लेकिन सिर में चोट लगने से मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने मां को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी।