बच्चों की उम्र में तीन साल का अंतर तो मिलेगा सम्मान
आदर्श दंपतियों के लिए शुरू हुई प्रेरणा योजना
एससी, एसटी वर्ग से चिह्नित होंगे दंपति
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। परिवार नियोजन के उपायों को बढ़ावा देकर जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार कल्याण विभाग ने प्रेरणा योजना शुरू की है। इसमें एससी-एसटी वर्ग के वह दंपति सम्मानित होंगे जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। योजना का लाभ 2010 के बाद शादी करने वाले दंपति, जिसमें वधू की उम्र 19 हो या फिर उससे अधिक और पहले बच्चे का जन्म शादी के दो साल बाद, दूसरे का जन्म पांच साल बाद का हो, यानि पहले और दूसरे बच्चे के जन्म में तीन साल का अंतर हो। उन्हें 11 जुलाई को परिवार कल्याण विभाग सम्मानित करेगा। योजना के तहत जिले से दो दंपति चुने जाएंगे। ऐसे दंपतियों को चिह्नित करने के लिए आशाओं को लगाया गया है।
पुरस्कार के लिए निर्धारित धनराशि
पहला बच्चा बेटा होने पर 10000 रुपये
पहला बच्चा बेटी होने पर 12000 रुपये
दोनो बच्चे बेटे होने पर 15000 रुपये
एक बेटा और एक बेटी होने पर 17000 रुपये
दोनों बच्चे बेटियां होने पर 19000 रुपये
वर्जन
प्रेरणा योजना की गाइडलाइन के अनुसार दंपतियों को चिह्नित करने के लिए सीएचसी अधीक्षकों को निर्देशित कर दिया है। पात्र दंपतियों के मिलने पर उनके नाम शासन को भेजकर सम्मानित कराया जाएगा।
- डॉ.मनोज अग्रवाल, सीएमओ