ट्रक से कुचल कर साइकिल सवार छात्रा की मौत
स्कूल से छुट्टी होने पर घर जा रही थी छात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
फरधान। छुट्टी होने के बाद स्कूल से घर जा रही कक्षा नौ की छात्रा की साइकिल फिसल कर गिर गई। इस दौरान सड़क की ओर गिरी छात्रा के सिर से उधर से गुजर रहे ट्रक का पहिया निकल गया, जिससे उसने मौके पर दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना फरधान के गांव उदयपुर निवासी प्रहलाद की पुत्री लक्ष्मी किसान इंटर कॉलेज फरधान में कक्षा नौ में पढ़ती थी। रोज की तरह वह सोमवार को भी साइकिल से स्कूल आई थी। शाम तीन बजे छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रही थी। लखीमपुर-गोला रोड पर फरधान कस्बे में गन्ना समिति के सामने लक्ष्मी की साइकिल फिसल गई, जिससे साइकिल बांयी और लक्ष्मी दांयी ओर गिर गई। छात्रा का सिर रोड पर आ गया। उसी वक्त गोला की ओर से आ रहे ट्रक का पहिया छात्रा के सिर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से करीब सौ मीटर दूर ट्रक रोड किनारे छोड़ फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गई। सूचना पर एसओ शिवानंद यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ ने बताया कि परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।