पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। मदरसे में मस्जिद निर्माण को लेकर की गई शिकायत के बाद माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को भारी संख्या में तहसील पहुंचे लोगों ने तहसीलदार का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने बेवजह मामले को तूल देकर झूठी शिकायतें करने का आरोप बरेलवी मसलक के एक ग्रुप व कुछ अन्य लोगों पर लगाया।
भारी संख्या में तहसील पहुंचे लोगों ने सबसे पहले तहसीलदार भगवादीन वर्मा का घेराव किया और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि मुहल्ला रंगरेजान स्थित मदरसा इस्लामिया सिराते मुस्तकीम की मस्जिद में करीब 35 वर्षों से नमाज अदा की जा रही है, लेकिन पिछले कुछ समय से बरेलवी मसलक के एक ग्रुप व अन्य लोग दोनों मसलकों के बीच साजिश के तहत झगड़ा कराने की मंशा से काम कर रहे हैं। आरोप है कि इसको लेकर लगातार तहसील व पुलिस प्रशासन को गलत जानकारी देकर शिकायत की जा रही हैं, जबकि शिकायत करने वाले इस मदरसे में या यहां होने वाली नमाज में हिस्सा भी नहीं लेते हैं। बावजूद इसके बेवजह झूठी शिकायतें कर माहौल खराब किया जा रहा है।
तहसीलदार ने माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। लोगों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को जांच करने पहुंची पुलिस ने न सिर्फ मदरसे के सदर से गलत शब्दों का प्रयोग कर अभद्रता की, साथ ही मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने तक की धमकी दी। सभी का कहना था कि मदरसा सदर से हुई अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह लोग इसको लेकर जल्द एसपी से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान तहसील परिसर में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।