पलिया स्थित करुणा गैस एजेंसी के गोदाम से 108 गैस सिलिंडर चोरी होने का मामला पुलिस संदिग्ध मान रही है। पुलिस को जांच के दौरान मौके पर न पैरों के निशान मिले और न ही किसी वाहन के, जिससे शक गहराया गया है।
लखीमपुर खीरी के पलिया स्थित करुणा गैस एजेंसी के गोदाम से 108 गैस सिलिंडर चोरी होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर न तो किसी व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत मिले और न ही किसी वाहन के पहियों के निशान, जिससे मामले में कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है।
विज्ञापन
ग्राम राजापुर बेनी (मोहम्मदी) निवासी करुणा सिंह पत्नी अमिष सिंह की सिंघहिया-दुधवा रोड पर गैस एजेंसी है, जबकि इसका गोदाम मकनपुर रोड पर स्थित है। करुणा सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर सूचना दी कि शुक्रवार रात चोरों ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 98 भरे व 10 खाली सिलिंडर, कुल 108 सिलिंडर पार कर दिए।शनिवार सुबह करीब सात बजे कर्मचारी रितेश कुमार के पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविवार को एएसपी पश्चिमी अमित राय ने भी मौके का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र की गहन पड़ताल की।
चारों ओर खेत, फिर भी सुराग नहीं
पलिया थाने के इंस्पेक्टर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गोदाम के चारों ओर खेत होने और केवल एक ही रास्ता होने के बावजूद चोरी कैसे हुई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है और न वाहन के निशान मिले और न ही पैरों के, जिससे घटना पुलिस के लिए पहेली बन गई है।
विज्ञापन
कालाबाजारी का एंगल भी जांच में
इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडर चोरी की यह पहली घटना है। ऐसे में सिलिंडरों की खरीद-फरोख्त और कालाबाजारी की आशंका भी सामने आ रही है। सूत्रों का कहना है कि संभव है कि सिलिंडर पहले ही धीरे-धीरे खपाए गए हों और स्टॉक गड़बड़ी छिपाने के लिए चोरी की कहानी सामने आई हो। फिलहाल, पुलिस बीटीएस और एसओजी की टीमों के साथ सभी एंगलों पर जांच में जुटी है।
एएसपी पश्चिमी अमित राय ने बताया कि घटना पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रही है। गोदाम के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।