लखीमपुर खीरी। विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर मंगलवार को आर्यकन्या इंटर कॉलेज में सामाजिक संस्थाओं का समाज सेवा में योगदान विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसकी अंशिका विजेता बनीं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेडक्रास के प्रदेश सचिव अनूप चंद्र पांडे ने सोसायटी के संस्थापक जीन हेनरी ड्यूडेंट के चित्र को माला पहनाकर किया। प्रदेश सचिव और आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के.रवींद्र नायक ने जिले के सचिव एवं एसीएमओ डॉ. रवींद्र नाथ को उनकी टीम सहित सम्मानित किया। छात्राओं ने निर्धारित विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार व्यक्त किए। इसके निर्णायक डॉ. कृष्णा चंद्र शेखरन एवं सीमा यादव ने अंशिका बाजपेई को प्रथम, खुशी गुप्ता को द्वितीय, गौसिया को तृतीय विजेता घोषित किया। इस दौरान कॉलेज के ओम प्रकाश, आर्येंद्र पाल सिंह, विजय यादव, महेश कुमार, बबिता सक्सेना, पूजा श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अंजली श्रीवास्तव एवं संचालन क्षमा टंडन ने किया।