फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगी की जनसभा आज, तैयारी पूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

लखीमपुर खीरी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर मौजी नसीरुद्दीन भवन मैदान में चुनावी जनसभा करेंगे। सीएम की सभा अपराह्न एक बजे से प्रस्तावित है। सभा में सीएम शहर से भाजपा प्रत्याशी निरुपमा बाजपेई समेत जिले के सभी प्रत्याशियों के पक्ष में हवा बनाएंगे। मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर शुक्रवार को भी मैदान पर तैयारियां चलती रहीं। डीएम, एसपी, एएसपी, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और मंच से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा।
शुक्रवार को सुबह से ही मौजी नसीरुद्दीन भवन से लेकर पुलिस लाइन तक और सभास्थल के आसपास के वार्डों में सुबह से ही युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जो शाम तक चलता रहा। मुख्यमंत्री के आने के एक दिन पहले ही शहर को साफ कर सड़कें धो दी गई हैं। शुक्रवार को मौजी नसीरुद्दीन भवन मैदान में बने मंच के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके साथ ही एक वीवीआईपी सुरक्षा गेट प्रशासन ने तैयार कराया है। एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा ने बताया कि जनसभा स्थल को करीब 15 ब्लॉकों में बांटा गया है। संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीएम न्यायिक आरके वर्मा और एएसपी घनश्याम चौरसिया के हाथ में रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सात मजिस्ट्रेट, सात सीओ, एक महिला एसओ और 22 एसओ, 48 एसआई, 250 सिपाही, 50 महिला कांस्टेबल, एक कंपनी पीएसी और ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया गया है। खुफिया विभाग को भी लगाया गया है।
विज्ञापन


सीएम के कार्यक्रम में शामिल होना है तो यह न लाएं
सुरक्षा के मद्देनजर सीएम के कार्यक्रम में शामिल होना है तो अपने साथ माचिस, सिगरेट, बीड़ी और किसी प्रकाश का ज्वलनशील पदार्थ और काला कपड़ा लेकर न आएं। किसी भी तरह का अस्त्र शस्त्र भी न लाएं। पकड़े जाने पर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।


काश, रोज आएं सीएम
तो चमकता रहे शहर
सभास्थल के आसपास भर दिए गए गड्ढे
- पहले झाड़ू, फिर धुलाई कराकर चमका दी गईं सड़कें
लखीमपुर खीरी।
मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम आते ही पालिका से लेकर जिला प्रशासन तक ने जब तैयारियां शुरू कीं तो लोगबाग यह कहते नजर आए कि काश, मुख्यमंत्री रोज आएं तो शहर यूं ही चमकता रहे।
शनिवार को नसीरूद्दीन मैदान में होने वाली चुनावी जनसभा के लिए आ रहे मुख्यमंत्री को सबकुछ चकाचक दिखाने के लिए जिला और पालिका प्रशासन शुक्रवार को पूरे दिन तैयारियों में जुटा रहा। रैली स्थल और हेलीपैड को जाने वाली सड़कों पर गंदगी न दिखाई दे। इसके लिए पालिका प्रशासन ने सभी सफाई कर्मचारियों को लगा दिया है। गंदगी देखकर कहीं मुख्यमंत्री नाराज न हो जाएं, इसके लिए पालिका प्रशासन ने सड़कों पर झाड़ू लगवाने के बाद उन्हें धुलवा तक डाला। वहीं गड्ढों को भरने के लिए इंटरलॉक ईंटें लगा दी गईं। शुक्रवार को पालिका ईओ अखिलेश त्रिपाठी और सफाई निरीक्षक हरवंश दीक्षित एवं जितेंद्र सिंह भी लगे रहे और अस्पताल रोड, नसीरूद्दीन मौजी मैदान जाने वाले मार्ग और उसके पीछे की रोड एवं शहपुरा कोठी से नौरंगाबाद जाने वाली रोड को धुलवा तक डाला।

रायबरेली से आए कार्डियोलॉजिस्ट
लखीमपुर खीरी।
मुख्यमंत्री के आगमन के लिए बनने वाली मेडिकल टीम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रायबरेली जिला अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सलीम को भेजा है।

सीएम की मौजूदगी तक नहीं होंगे आपरेशन
लखीमपुर।
मुख्यमंत्री शनिवार को शहर में जब तक मौजूद रहेंगे तब तक जिला अस्पताल में कोई भी आपरेशन नहीं होगा। सीएमएस डॉ. अरूण कुमार गौतम ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर आपरेशन रूम के पास ही सेफ हाउस बनाया गया है। इसलिए आपरेशन नहीं होंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि केवल इमरजेंसी की स्थिति में ही आपरेशन किए जाएंगे।
विज्ञापन


सीएम ड्यूटी में लगाए गए दस डॉक्टर
सीएम ड्यूटी के लिए जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. आरएस मधौरिया एवं डॉ. राजकुमार, सर्जन डॉ.सतीश एवं डॉ.अखिलेश, एनेस्थेसिया डॉ.संतोष मिश्रा एवं डॉ.राजपूत, आर्थोसर्जन डॉ.सीएस सिंह एवं अतुल द्विवेदी, पैथॉलाजिस्ट डॉ.केपी सिंह एवं डॉ.रामनाथ मौजूद रहेंगे। साथ ही एडवांस लाइफ सपोर्टिंग एंबुलेंस लगाई गई है। जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ.संतोष मिश्रा ने बताया कि सीएम आगमन को लेकर एंबुलेंस आदि का परीक्षण करके सारी तैयारियां दुरुस्त कर ली गई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें