गोला गोकर्णनाथ (खीरी)।
निकाय चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी नेताओं में साफ नाराजगी दिखी। उप मुख्यमंत्री के मंच पर उन कार्यकर्ताओं को तबज्जो नहीं मिल सकी जो उम्मीद लगाए बैठे थे, वहीं उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की जनसभा में गोला विधायक अरविंद गिरि के न आने से पार्टी बंटी नजर आई, जिसकी बाद में खूब चर्चा हुई।
निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत लगा दी है। टिकट वितरण को लेकर भाजपा में काफी खींचतान चल रही है। लखीमपुर नगर पालिका परिषद से निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव का टिकट काटकर पुराने कार्यकर्ता डॉ. सतीश कौशल बाजपेई की पत्नी निरूपमा बाजपेई को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद बगावत हुई। डॉ. इरा अपना निर्दलीय नामांकन कराकर चुनाव मैदान में कूद पड़ीं। वहीं गोला विधायक अरविंद गिरि अपने अनुज धर्मेंद्र गिरि मोंटी के लिए टिकट मांग रहे थे। पार्टी ने विधायक के भाई को टिकट न देकर पुराने कार्यकर्ता विजय शुक्ला रिंकू को चुनाव मैदान में उतार दिया। वहीं पलिया में निवर्तमान अध्यक्ष केबी गुप्ता को टिकट दिए जाने से नाराज बीजेपी कार्यकर्ता आलोक मिश्र बगावत कर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी में चल रही खींचतान को देखते हुए हाईकमान के निर्देश पर शीर्ष नेता डैमेज कंट्रोल में लगे हैं।
गोला में गुटबाजी और अंतर्कलह की बात उस समय सामने आ गई जब विधायक अरविंद गिरि ही उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं आए, जबकि सांसद अजय मिश्र टेनी, जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी, पलिया विधायक रोमी साहनी और संगठन मंत्री बृज बहादुर मौजूद रहे। चुनाव के बाद यह पहला मौका था जब गोला में भाजपा के उप मुख्यमंत्री के मंच से इसी सीट से पार्टी के विधायक ही नदारद रहे, जबकि विधायक के अनुज धर्मेंद्र गिरि मोंटी कार्यक्रम में मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने शायद गुटबाजी को भांप लिया तभी उन्होंने न सिर्फ शिव परिवार की कथा सुनाकर एक जुटता बनाने का संदेश दिया, बल्कि दो टूक कहा कि उन्हें हर सीट भाजपा की चाहिए।
गैरों ने पहनाई माला, महिला नेत्री को कुर्सी तक न मिली
डिप्टी सीएम को मंच पर माला पहनाने के लिए समर्पित कार्यकर्ता लालायित थे, लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने प्रोटोकाल की बात कहते हुए कइयों को मंच पर नहीं जाने दिया, जबकि एक वकील समेत कई लोग उप मुख्यमंत्री के करीब पहुंच गए। इससे नाराज कार्यकर्ता टिप्पणी करते नजर आए, वहीं मंच पर एक मात्र महिला नेत्री को कुर्सी तक न मिल सकी जिसकी खासी चर्चा होती रही।
स्वास्थ्य खराब होने के कारण नहीं हो सका शामिल
गोला से भाजपा विधायक अरविंद गिरि का कहना है कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह चेकअप कराने के लिए जिले से काफी दूर हैं। यही वजह रही कि वह उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। टिकट न मिलने की नाराजगी की बाबत पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि वह पार्टी से अलग नहीं हैं और उनका प्रयास रहेगा कि जिले में भाजपा का हर सीट पर परचम लहराये।
विधायक अरविंद गिरि गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने गए हैं। इसलिए वह कार्यक्रम में नहीं आ सके, लेकिन अपने भाइयों को कार्यक्रम स्थल पर भेजा। युवा नेता मोंटी गिरि ने डिप्टी सीएम का स्वागत भी किया।
- शरद बाजपेयी, जिलाध्यक्ष भाजपा।
प्रत्याशी के लिए कुछ भी नहीं बोले विधायक रोमी
पलिया विधायक रोमी डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में तो आए, लेकिन भाजपा को जिताने अथवा प्रत्याशी के लिए कोई अपील नहीं की। सिर्फ यह कहा कि समय बहुत कम है और दूसरों को भी संक्षिप्त बोलने की सलाह देकर माइक छोड़ दिया।