लखीमपुर खीरी। जिले में 17 जनवरी को होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को डीएम ने अफसरों के साथ बैठक की। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम-एसपी ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए। परीक्षा में 10,080 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में 25 केंद्र बनाए गए हैं।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों, सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच कर लें। प्रत्येक कक्ष में सीसी कैमरे, सघन तलाशी, सिटिंग प्लान की व्यवस्थाएं की जाए। परीक्षा के दिशा-निर्देश को पढ़ लें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। प्रत्येक अभ्यर्थी की आईडी जांचना अनिवार्य है। सभी अधिकारी पूर्वाभ्यास के तौर पर केंद्रों का निरीक्षण करें।
एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि परीक्षा के दौरान स्पेशल सेल को सक्रिय रहने के लिए कहा है। हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक से पहले एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा की रूपरेखा, समय-सारणी और आयोग के निर्देशों की जानकारी दी। पर्यवेक्षक अजित कटियार ने परीक्षा से जुड़ी तकनीकी बारीकियां, प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश समझाए।
-
दो पालियों में होगा आयोजन
टीजीटी प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे व दूसरी दोपहर 3 से 5 बजे तक चलेगी। इसके लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली में 14 और दूसरी पाली में 11 केंद्रों पर परीक्षा होगी। पहली पाली में 5472 और दूसरी पाली में 4608 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कुल 10,080 अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी, जिन पर प्रशासन की चौकस निगाह रहेगी।