लखीमपुर खीरी। देवकली सैदापुर झाऊ स्थित स्वशासी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तीसरे शैक्षणिक सत्र को नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने अंतिम मंजूरी दे दी है। इससे 100 सीटों पर तीसरे बैच के दाखिले का रास्ता साफ हो गया है। नीट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग शुरू हो चुकी है।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के दो बैच पहले से संचालित हैं। दोनों में 100-100 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। तीसरे बैच में 100 विद्यार्थियों के प्रवेश के बाद एमबीबीएस विद्यार्थियों की संख्या 300 हो जाएगी।
तीसरे बैच में दाखिले के लिए 21 अगस्त से काउंसलिंग शुरू हो गई है। सीट आवंटन के बाद दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए प्रशासनिक भवन में हेल्प डेस्क शुरू की गई है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तीसरे बैच के विद्यार्थियों के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। 300 एमबीबीएस विद्यार्थियों की क्षमता के अनुसार हॉस्टल, कक्षाओं और प्रैक्टिकल लैब की व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। तीसरे बैच के आने से शैक्षणिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
-
मेडिकल कॉलेज में नए बैच शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिल रहा है। एनएमसी की मंजूरी के बाद एमबीबीएस की 300 सीटें तीन बैचों में संचालित होंगी। इससे आने वाले वर्षों में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित चिकित्सक मिलने की उम्मीद भी बढ़ेगी।
-डॉ. वाणी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज