लखीमपुर खीरी। पीलीभीत में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के 11 मुकदमे दर्ज होने के बाद अब खीरी में भी ऐसा एक मामला सामने आया है। मोहम्मदी निवासी एक युवक से दस लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गांव फिरोजपुर निवासी रावेंद्र कुमार ने बताया कि अपने भाई मुनीब कुमार को विदेश भेजना चाहता था। इस बात की जानकारी के लिए रावेंद्र ने गुरमेल सिंह से उनके ऑफिस दशमेश ओवरसीज गोला रोड आदर्श नगर काॅलोनी मोहम्मदी पहुंचकर प्रक्रिया पूछी।
मामला तय हो जाने के बाद भाई मुनीब कुमार ने गुरमेल सिंह को कई बार में कुल 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। गुरमेल को पहले हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और ग्रेजुएशन की मार्कशीट के लिए डेढ़ लाख रुपये पांच जुलाई 2022, फाइल चार्ज के लिए डेढ़ लाख रुपये 26 अप्रैल 2023 को नकद दिए थे।
वहीं कॉलेज फीस के लिए चार लाख रुपये सात जुलाई 2023 को ऑनलाइन दिए। गुरमेल ने कभी एंबेसी फीस के लिए तो कभी हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर भी धनराशि वसूली। इस तरह कुल दस लाख रुपये गुरमेल सिंह को दिए।
इसके बाद भी गुरमेल ने मुनीब को विदेश भेजने के लिए कोई प्रक्रिया नहीं की है। आरोप है कि गुरमेल सिंह ने उसके भाई के खाते पर अपना मोबाइल नंबर लगवाकर सारे रुपये अपने साथियों के खाते में भेजकर निकाल लिया है। तीन जनवरी 2025 को गुरमेल सिंह से जब उन्होंने रुपये मांगे तो गाली-गलौज की। जातिसूचक शब्द कहकर अपने ऑफिस से बाहर निकाल दिया और मारा पीटा।
आरोपी की पिटाई से उसे काफी चोटें आई हैं। इस पर पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
इंद्रजीत सिंह, इंस्पेक्टर मोहम्मदी