लखीमपुर खीरी। परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के लिए 1 अप्रैल से स्कूल चलो अभियान शुरू होगा। इसे दो चरणों में चलाया जाएगा।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जिले के 3,106 परिषदीय विद्यालयों में करीब साढ़े चार लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इस बार नामांकन बढ़ाने के लिए 10 से 15 प्रतिशत का लक्ष्य तय किया गया है। पहले चरण में शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगी।
उन्होंने बताया कि बीईओ को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने, परीक्षा परिणाम के समय बैठक करने और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा गया है।
साथ ही ऐसे बच्चों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जो कुछ दिन स्कूल आने के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। अभियान का पहला चरण 1 से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण जुलाई में चलाया जाएगा।