चाकू लगने से घायल मथौली नगर पंचायत निवासी रोहित।स्रोत-सोशल मीडिया
मथौली। कस्बे के वार्ड नंबर 10 फरदहा, टोला बारीगांव में बृहस्पतिवार देर रात पुरानी रंजिश में चाकू से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दरवाजे पर शोरगुल सुनकर बाहर निकले परिजन घायल युवक को मथौली सीएचसी ले गए। उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घायल युवक के भोई मोहित पासवान ने कप्तानगंज पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बृहस्पतिवार देर रात उनका भाई रोहित पासवान दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गांव के विष्णु पासवान, धनंजय पासवान, विनीत पासवान, विवेक व एक अन्य युवक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर रोहित को अपशब्द कहते हुए मारपीट करने लगे। विष्णु पासवान ने रोहित के पेट में चाकू से हमला कर दिया। रोहित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। दरवाजे पर शोर गुल सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले तो देखा कि रोहित जमीन पर लहूलुहान पड़ा है। उन्हें एंबुलेंस से मथौली सीएचसी ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर किया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि युवक को चाकू मारकर घायल करने के मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।